भोपाल, मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी गंगा को साफ करने की बात करते-करते बैंकों को साफ कर दिया। मोदी सरकार गरीबों का शोषण करके अमीरों के जेब भर रही है। देश की जनता से खिलवाड़ किया है। मोदी राज में जनता के नहीं बीजेपी कार्यकर्ताओं के अच्छे दिन आये हैं।
मुख्यमंत्री ने आज मंडला, डिंडोरी और बालाघाट जिलों में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी राज में प्रदेश में रोजगार के अवसर समाप्त हो गये। पिछले 15 वर्ष में कोई नये उद्योग नहीं लगाये गये। जो उद्योग पहले से थे वे भी धीरे-धीरे बंद हो गये। प्रदेश आर्थिक रूप से कमजोर हो गया है। बीजेपी की नीतियों के कारण प्रदेश बदनाम हो गया है। कोई भी निवेशक प्रदेश में निवेश करने को तैयार नहीं है। प्रदेश की छवि सुधारना पहला काम है।
कमल नाथ ने कहा कि कांग्रेस सरकार हर गरीब परिवार को 72 हजार रुपये देगी। उन्होंने कहा कि मंडला के नागरिकों से आग्रह किया कि कांग्रेस प्रत्याशी को जिताकर मंडला को गोद लेने का मौका दीजिए। मंडला की तस्वीर बदल जायेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी के राज में भ्रष्टाचार एवं बलात्कार में मध्यप्रदेश नम्बर 1 बन गया है। प्रदेश की छवि सुधारना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जो कहा-सो किया। किसानों का कर्ज माफ करके वचन निभाया। जो किसान छूट गये हैं आचार संहिता हटते ही उनके भी कर्ज माफ कर दिये जायेंगे।
कांग्रेस सरकार ने अपनी नीति साफ कर दी है। हम अपना हिसाब दे रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी अपने कार्यकाल का हिसाब दें। प्रधानमंत्री मोदी अब स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, काला धन की बात नहीं करते। इन मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश हो रही है। उन्होने कहा कि जनधन योजना और नोट बंदी से देश को काफी नुकसान हुआ है।
मोदी ने गंगा की सफाई की बात करते -करते बैंक साफ कर दिए – कमलनाथ