टिकट ना मिलने से नाराज उदित राज कांग्रेस में शामिल हुए

नई दिल्ली, बुधवार को कांग्रेस में शामिल हुए भाजपा सांसद उदित राज ने केंद्र की भाजपा सरकार को दलित विरोधी बताया। लोकसभा चुनाव में टिकट कटने से नाराज उदित राज ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। बुधवार सुबह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बाद उदित राज का पार्टी में स्वागत किया गया। पार्टी में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस में आकर बहुत खुश है। उन्होंने कहा कि पार्टी के आंतरिक सर्वेक्षण में मेरी जीत तय बताई गई थी। दूसरे चैनलों के सर्वेक्षण में भी वह मैं जीत रहा था। उसके बाद भी मेरा टिकट काटा गया। राज ने बताया कि उन्होंने पार्टी में रहते हुए दलित मुद्दों पर हमेशा आवाज उठाई। इसके अलावा 2 अप्रैल 2018 के भारत बंद पर अपनी स्पष्ट राय रखी थी। उन्होंने यह भी बताया कि सबरीमाला मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी समर्थन करते हुए उन्होंने सवाल किया था कि आखिर महिलाएं मंदिर के अंदर क्यों नहीं जा सकती। वहीं भाजपा को दलित विरोधी पार्टी बताते हुए उन्होंने कहा कि वह इसका पूरा विवरण बाद में सामने रखेंगे। बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव में उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट से भाजपा की टिकट पर सांसद बने उदित राज को इस बार टिकट नहीं मिला। इस पर खुलकर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने कांग्रेस का हाथ थाम लिया। इस बार भाजपा ने उदित राज की जगह उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट से पंजाबी गायक हंसराज हंस को उम्मीदवार बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *