किसान को कर्जा ना लौटाने पर अब जेल नहीं जाना होगा, सरकार बनी तो दो बजट होंगे-राहुल

बाराबंकी/रायबरेली/अमेठी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनी तो दो बजट होंगे, जिनमें से एक राष्ट्रीय बजट होगा जबकि दूसरा किसानों का बजट होगा। उन्होंने कहा कि अब हिंदुस्तान के किसी भी किसान को कर्जा ना लौटाने पर जेल नहीं भेजा जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सवाल किया कि पिछले पांच साल में उनकी सरकार ने क्या किया ? युवाओं को रोजगार देने का वादा करने वाले मोदी एक लाख युवाओं को भी रोजगार नहीं दे पाए। उन्होंने कहा कि मोदी ने रोजगार देने के वादे पर युवाओं से झूठ बोला।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को बाराबंकी लोकसभा सीट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया के पुत्र तनुज पुनिया, यूपीए की चेयरपरसन एवं रायबरेली लोकसभा सीट से प्रत्याषी अपनी मां सोनिया गांधी तथा स्वयं अपने लिए अमेठी लोकसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को सम्बोधित किया। अपने सम्बोधन में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस किसानों हित के लिए ऐतिहासिक कार्य करने जा रही है। केंद्र में सरकार बनी तो इस बार दो बजट होंगे, जिसमें एक नेशनल बजट होगा और दूसरा किसानों का बजट होगा। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में मोदी ने 15 लोगों की मदद करने वाली सरकार चलाई है। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अचानक नोटबंदी का फैसला लिया गया और पूरे देश को लाइन में लगा दिया गया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के सत्ता में आते ही गरीब लोगों के लिए न्यूनतम आय गारंटी योजना शुरू होगी। न्यूनतम आय गारंटी योजना को राहुल ने दुनिया की सबसे बड़ी न्यूनतम आय योजना बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत देश के करीब 20 प्रतिशत परिवारों यानी करीब पांच करोड़ लोगों को न्यूनतम आय के तौर पर सालाना 72000 रुपये दिए जाएंगे यह रकम महिलाओं के खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि गरीबों को इस योजना का लाभ देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाए बिना दिया जाएगा।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार मे खाली पड़े 22 लाख पद भरे जाएंगे युवा व्यवसाइयो को तीन साल तक परमिशन नहीं लेनी होगी। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत 100 दिन की जगह 150 दिन का रोजगार मिलेगा। अमेठी में उन्होंने कहा कि मोदी जी ने अमेठी से जितना विकास छीना है उसका दो गुना वापस लाऊँगा। हमारी सरकार 150 फैक्ट्रियां अमेठी में लगेंगी। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी ने अमेठी से फूडपार्क छीना ,आई आईआईटी छीना, नेशनल मिल छीना यहां के किसानों के साथ छल किया। उन्होंने कहा कि अमेठी हमारा घर है यहा से परिवारिक संबंध है हम यहा से राजनीति का रिस्ता नही रखते है। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने नारे लगाये ’मोदी नही बवाल है राफेल का दलाल है’।
वहीं रायबरेली की नगर पंचायत परशदेपुर के गेवड़े मैदान के पास कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जनसभा में मंच पर पहुंचते ही सब लोगों से पूछा कि आपके खाते में 15 लाख रुपये आ गए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों पर सर्जिकल स्ट्राइक की है, लेकिन हम गरीबी पर सर्जिकल स्ट्राइक करेंगे। भाजपा सरकार ने फैक्ट्रियां बंद करवाकर युवाओं को बेरोजगार बना दिया। अचार, चिप्स की फैक्ट्री लगवाने की योजना थी, भाजपा सरकार ने फूड पार्क सहित पचास कारखानों को चोरी कर दूसरे को दे दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *