गायक मोहम्मद अजीज का हृदयाघात से निधन

मुंबई,बॉलीवुड के मशहूर गायक मोहम्मद अजीज का आज दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया। वे 64 वर्ष के थे। उनके निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर व्याप्त है। उनके करीबी सूत्रों ने बताया कि अजीज कोलकाता से एक कार्यक्रम से मुंबई लौट रहे थे, तभी एयरपोर्ट पर उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत नानावटी अस्पताल ले जाया गया। 2 जुलाई, 1954 पश्चिम बंगाल के अशोक नगर में जन्में अजीज को उनके कई सुपरहिट गानों के लिए याद किया जाता है। उन्होंने हिंदी के अलावा उडिय़ा और बांग्ला में भी गाने गाए। 80-90 के दशक में उन्होंने अलग-अलग भाषाओं में 20 हजार से अधिक गाने गाए। उन्हेें सिने जगत का दूसरा मोहम्मद रफी कहा जाता था। बचपन से ही वे मोहम्मद रफी के गायन से प्रभावित थे। बॉलीवुड में उन्हें मुन्ना कहा जाता था। बांग्ला फिल्म में गाने से शुरुआत करने वाले अज़ीज को 1986 में अमृत फिल्म में गाने का मौका मिला। उनका गाया गाना दुनिया में कितना गम है… हिट रहा था। मोहम्मद अज़ीज ने नौशाद और आरडी बर्मन से लेकर कई नामी संगीतकारों के लिए गाने गाये। उन्होंने नगीना में ‘आजकल कुछ और याद…, बेताब में ‘तेरा गम अगर न होता.., राम अवतार में ‘उंगली में अंगूठी… सिंदूर में ‘पतझड़ सावन बसंत बहार… मुद्दत में ‘प्यार हमारा अमर रहेगा… खुदगर्ज में ‘ आप के आ जाने से..चालबाज़ ‘तेरा बीमार मेरा दिल…सहित कई सुपरहिट गाने गाए। बॉलीवुड ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *