चरोदा/भिलाई, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज महिला सम्मलेन में कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि गंदी सीडी वालों के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का चुनाव लडऩे में लज्जा महसूस ना करने वाले राहुल बाबा छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने मातृशक्ति का अपमान करने वाले कांग्रेस पार्टी को जड़ से उखाडऩे का संकल्प दिलाते हुए कहा कि मातायें कांग्रेस को ऐसा दंड दे कि ये किसी अन्य जगह ऐसा घृणित कार्य आगे न कर पाये।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की योजनाए, उज्जवला शौचालय, बैंक खाता सभी के केन्द्र में महिलायें हैं। उन्होंने कहा कि आज साढ़े सात करोड़ घरों में शौचालय है, 5 करोड़ घरों में माताओं की रसोई से धुंआ दूर हुआ है। कोई माता के आंखों की ज्योति अब उम्र से पहले नहीं बुझेगी, तीन तलाक से माताओं को होने वाली पीड़ा को महसूस करते हुए बनने वाले कानून का कांग्रेस विरोध कर रही है, यह भी विडम्बना है। एक बेटा यदि कार्य करता है, तो हमें एक कार्यकर्ता मिलता है, जबकि एक बेटी के कार्य करने से पूरा परिवार कार्यकर्ता बनता है। अगर आज इतनी बड़ी तादाद में मातृशक्ति और उनका पूरा परिवार हमारे साथ है, तो इसके लिए छत्तीसगढ़ की सरकार एवं केन्द्र में नरेन्द्र मोदी सरकार की योजनाएं प्रमुख है। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ की धरा माता कौशिल्या की जन्मभूमि है, जहां की बेटी का चयन भगवान राम ने भी जन्म लेने के लिए किया था।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने हुंकार भरी कि हजारों की संख्या में खड़ी मातृशक्ति साबित कर रही है कि कोई मां का लाल हमें सरकार बनाने से नहीं रोक सकता। विशाल संख्या में उपस्थित माता-बहनों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने इस्पात नगरी में देश की राजनीति में जुदा पहचान बनाने वाले लौह पुरुष अमित शाह का अभिनंदन करते हुए सरोज पाण्डेय को विशाल आयोजन की सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा यह हमारा सौभाग्य है कि हमें हमारे प्रदेश छत्तीसगढ़ का नाम लेने से ही मातृशक्ति का मान होता है। उन्होंने दुनिया के जेण्डर अनुपात में छत्तीसगढ़ का 1000 बालक में 979 बालिका का उल्लेख करते हुए कहा कि केरल के बाद छत्तीसगढ़ दूसरा राज्य है जहां भ्रूण हत्या नहीं होती। लाड़ली नोनी योजना में के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि बस्तर से सरगुजा तक छत्तीसगढ़ आगे बढ़ रहा है, तरक्की के मार्ग पर तो मातृशक्ति के चलते। 40 लाख स्मार्ट फोन बहनों को संचार क्रांति योजना के तहत दिये जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने 35 लाख बहनों को छत्तीसगढ़ में उज्ज्वला योजना से लाभ के साथ आयुष्मान योजना के लिए प्रधानमंत्री का स्वागत अभिनंदन करते हुए संघर्ष में तपे राष्ट्रीय अध्यक्ष का छत्तीसगढ़ में स्वागत किया जिन्होंने विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा को बनाया।
कांग्रेस मातृशक्ति का अपमान कर रही है- अमित शाह