ससुराल में सालों ने जीजा के मुंह में सलफास की गोलियां डाली और मुंह दबा कर रखा बहनोई ने तोडा दम

भोपाल,बैरसिया इलाके में शादी के दस साल तक बच्चे नहीं होने से नाराज होकर एक महिला अपने मायके में बैठ गई थी। वह पति से तलाक लेना चाहती थी। जबकि पति तलाक के लिए राजी नहीं था। वह परिवार टूटने से बचाना चाहता था। इसी उम्मीद में बीती सुबह ससुराल पहुंचा । यहां पत्नी को साथ ले जाने को लेकर उसका पत्नी सहित ससुराल वालों से विवाद हुआ। जिसके बाद सास,पत्नी और दोनों सालों ने मिलकर उसके मुह में सलफास की चार गोलिया ठूंस दी। जिससे उसकी बीती देर शाम को भोपाल के लेक सिटी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बलवीर सिंह पिता बाबूलाल सिंह साहू (32) निवासी ग्राम बर्री चौकी बामखेड़ी थाना सतपदा जिला विदिशा किसान था। उसकी शादी संगीता बाई निवासी दामखेड़ा बैरसिया से दस साल पहले हुई थी। शादी के इतने साल बीत जाने के बाद भी दोनों के बीच कोई संतान नहीं थी, इसी बात को लेकर पति पत्नि के बीच आपस में अनबन चलती थी। बीते दिनों पति से विवाद के बाद संगीता अपने मायके में रहने आ गई थी। उसके परिजन बलवीर और संगीता का तलाक कराना चाहते थे। जबकि बलवीर तलाक के लिए राजी नहीं था। बीती सुबह आठ बजे करीब बलवीर पत्नी को लेने उसके मायके गया था। यहां संगीता ने बलवीर के साथ जाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर पति पत्नी में विवाद होने लगा। दोनों के बीच तीखी बहस हो गई और सास भी पति पत्नी के झगड़े के बीच में आ गई। बताया गया है कि विवाद के दौरान मृतक की सास छोटी बाई ने बेटी दामाद के बीच हो रहे झगड़े में हस्तक्षेप करते हुए दामाद बलवीर के साथ दुर्व्यवहार करते हुए घर से बाहर निकल जाने को कहा । इसके बाद सास और दामाद के बीच झूमाझटकी की नौबत आ गई। जिसे देख संगीता और मां छोटी ने बलवीर को धक्का-मुक्की कर जमीन पर पटक दिया। इसी बीच बलवीर के साले गोलू साहू और रवि साहू भी आ गए। गुस्साये आरोपियों ने बलवीर के मुह में एक-एक कर चार सलफास की गोलिया ठूंस दी और तब तक उसे दबाए रखा जबतक वह बेसुध नहीं हो गया। बेहोशी की हालत में आरोपियों ने बलवीर को बैरसिया अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत का को देखते हुए उसे इलाज के लिये भोपाल रेफर कर दिया। इस बीच आरोपियों ने बलवीर के परिजनों को सूचना दे दी थी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बलवीर के परिजनों ने उसे एम्बुलेंस की मदद से भोपाल के लेकसिटी अस्पताल पहुंचाया और यहां भर्ती कराया। जहां शाम करीब सात बजे युवक की मौत हो गई। अस्पताल से मिली सुचना के आधार पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्जकर शव को पीएम के लिये मरचुरी भेजा साथ ही आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है। अफसरो का कहना है कि फिलहाल मामले मे आगे कि जांच की जा रही है, जांच के आधार पर प्रकरण मे धाराये बढाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *