अब सतना में शिवराज का विरोध घेराव की कोशिश,अगड़ों पर लाठीचार्ज

सतना, मंलगवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सतना पिछड़ा वर्ग महाकुंभ में शिरकत करने पहुंचे। जहाँ उन्हें भारी विरोध का सामना करना पड़ा, अनुसूचित जाति/जनजाति अधिनियम में हुए के विरोध में लोग सड़कों पर उतर आये और शिवराज के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध कर रहे लोगों ने मुख्यमंत्री के सभास्थल बीटीआई ग्राउंड पर मुख्यमंत्री के काफिले का घेराव करते हुए उग्र प्रदर्शन किया।
पुलिस ने रोका तो वह उग्र हो गए। इस अधिनियम के विरोध में लोगों ने शिवराज सिंह चौहान को काले झंडे दिखाने और घेरने की कोशिश की। इस दौरान सवर्ण समाज और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई। इसके बाद पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। गौरतलब है कि विंध्य क्षेत्र के सवर्णों में सरकार के प्रति सर्वाधिक विरोध के स्वर भड़के हैं।
गौरतलब है कि इसके पहले सीधी के चुरहट में उनके रथ पर पत्थरबाजी की गई। करणी सेना ने उनकी सभा में चप्पल फेंका। वहीं, सोमवार रात उज्जैन जिले के महिदपुर में मुख्यमंत्री के काफिले पर अज्ञात लोगों ने हमला बोला। इसी के मद्देनजर सतना में सुरक्षा की चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई। दो एएसपी 17 डीएसपी 25 टीआई सहित 1000 पुलिस बल तैनात किया गया था। सर्व समाज के लोगों ने इस कार्यक्रम का विरोध करने की पहले ही चेतावनी दी थी। कड़ी सुरक्षा के बावजूद सभास्थल पर जमकर हंगामा हुआ।
कमलनाथ बोले- मुख्यमंत्री पर ऐसे हमले और होंगे
मुख्यमंत्री का विरोध होने पर मप्र कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि अभी उनके ऊपर ऐसे हमले और होंगे। यह जनता की आवाज है, जनाक्रोश है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता को ठगा है। मंगलवार सुबह भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए कमलनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की जनआशीर्वाद यात्रा के काफिले पर हुआ पथराव निंदनीय है, लेकिन यह भी देखना होगा कि कहीं ना कहीं जनआक्रोश है। जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। युवा परेशान हैं। प्रदेश सरकार वादे पर वादा किए जा रही है। नतीजे नहीं मिलने से लोग हताश हैं उसी का परिणाम ये हमले हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने आपको किसान पुत्र बताते हैं लेकिन उनको ये भी बताना चाहिए कि क्यों प्रदेश के किसान सबसे ज्यादा दुखी हैं। कमलनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यक्रमों में छोटी-छोटी बच्चियां घंटों भूखी बैठी रहती हैं। राहुल गांधी के कार्यक्रम में अगर बच्चियों ने उनका तिलक किया तो इसमें भाजपा को क्या परेशानी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *