न्यूयॉर्क,सर्बिया के टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच अमेरिकी ओपन टेनिस के सेमीफाइनल में पहुंच गये हैं। यहां पुरुष एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जोकोविच ने ऑस्ट्रेलिया के जॉन मिलमैन को हराया। जोकोविच ने मिलमैन को सीधे सेटों में 6-3, 6-4, 6-4 से हराकर अंतिम-4 में प्रवेश किया। अब सेमीफाइनल में जोकोविच का सामना शनिवार को जापान के खिलाड़ी केई निशिकोरी से होगा।उधर,पुरुष वर्ग से निशिकोरी तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंचे नाओमी ओसाका अमेरिकी ओपन टेनिस के महिला एकल वर्ग से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली जापानी खिलाड़ी बनी हैं। 20 साल की ओसाका ने बेहद एकतरफा क्वार्टर फाइनल में लेसिया सुरेंको को सीधे सेटों में 6-1, 6-1 से हराया। 22 साल बाद कोई जापानी खिलाड़ी किसी खिताबी मुकाबले के सेमीफाइनल में पहुंची है। इससे पहले जापान की किमिको डेट ने 1996 में विंबडलन सेमीफाइनल में जगह बनायी थी।
वहीं पुरुष एकल में जापान के केई निशिकोरी भी तीसरी बार अमेरिकी ओपन के सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रहे। यह पहली बार है जब किसी खिताबी मुकाबले में महिला और पुरुष दोनों एकल वर्गों के सेमीफाइनल में एक साथ जापानी खिलाड़ी पहुंचे हैं। अब सेमीफाइनल में ओसाका का सामना शनिवार को अमेरिका की 14वीं वरीयता प्राप्त मेडिसन कीज से होगा। कीज ने स्पेन की कार्ला सुआरेज नवारो को सीधे सेटों में 6-4, 6-3 से हराया। इससे पहले ओसाका ने 2017 की उप विजेता कीज के खिलाफ अब तक अपने करियर के तीनों मैच गंवाए हैं।
अमेरिकी ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे जोकोविच, नाओमी SF में पहुंची पहली जापानी खिलाड़ी