पीएनबी को चूना लगाने वाला नीरव मोदी लंदन में है, सीबीआई ने प्रत्यर्पण का अनुरोध भेजा

नई दिल्ली,करीब 14 हजार करोड़ के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले का आरोपी नीरव मोदी यूके में है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक सीबीआई ने कहा है कि नीरव मोदी के यूके में होने की पुष्टि वहां की सरकार ने की है। इसके साथ ही भारतीय जांच एजेंसी ने प्रत्यर्पण अनुरोध सौंपा है। इसी महीने में लंदन में भारतीय उच्चायोग ने भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी के प्रत्यर्पण आग्रह से संबंधित दस्तावेज ब्रिटेन के केंद्रीय प्राधिकरण को सौंपे थे। ब्रिटेन के प्रत्यर्पण कानून,2003 के तहत भारत श्रेणी दो में आता है। इसमें ब्रिटेन की अदालत के अलावा देश के गृहमंत्री की मंजूरी की भी जरूरत होती है। देश के सबसे बड़े बैंक घोटाले के सामने आने से पहले इसी साल जनवरी के पहले सप्ताह में नीरव मोदी ने अपनी पत्नी अमी मोदी जो अमेरिकी नागरिक हैं,भाई निशाल मोदी जो बेल्जियम का नागरिक है और मामा मेहुल चौकसी के साथ देश छोड़ दिया था। इन सभी के नाम आरोपियों के रूप में सीबीआई द्वारा दर्ज प्राथमिकी में हैं। कथित भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के मामले में सीबीआई ने नीरव मोदी और मेहुल चौकसी के अलावा निशाल और पूरब के नाम आरोप पत्र में शामिल किए हैं। नीरव और उसके मामा मेहुल चौकसी ने कारोबार और सहेत संबंधी कारणों और अन्य वजहों का हवाला देते हुए जांच में शामिल होने के लिए भारत लौटने से इनकार कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *