नरसिंहपुर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने आज नरसिंहपुर के मंडी प्रांगण में आमसभा में कहा कि नदियों में जो रेत है वह आपकी संपत्ति है। यह प्रदेश की संपत्ति है। शिवराज सरकार इसमें अवैध उत्खनन कर लूट कर रही है। यह लूट आपकी है, प्रदेश की है। हम सबको इस लूट का हिसाब लेना है। उन्होंने कहा कि आज यहां सभा में ऐतिहासिक जन सैलाव को देखकर मैं यह दावे के साथ कह सकता हूं कि भाजपा सरकार की विदायी तय है।
कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर हम गन्ना किसानों को अनुदान देंगे। गन्ना खरीदी व दाल खरीदी में गड़बड़ी सिर्फ यहां ही नहीं हुई है, अपितु पूरे प्रदेश में हुई है। इस चुनाव में हमारा नारा होगा। ‘‘कर्जा माफ, बिजली का बिल हाफ और भाजपा साफ।’’ जबकि भाजपा का नारा है ‘‘प्रचार में विकास और मैदान में भूख प्यास।’’ यह है प्रदेश की हकीकत। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में भ्रष्टाचार एक व्यवस्था बन चुका है। भ्रष्टाचार गांव से शुरू होता है और ऊपर तक जाता है। भाजपा के लोग फ्रांस से खरीदे राफेल विमान की कीमत पूछने पर इसे गुप्त सौदा बताते हैं। वे यह जान लें कि अगले साल जब कांग्रेस की सरकार बनेगी तो यह सौदा गुप्त नहीं रहेगा और इसकी पोल खुलेगी।
कमलनाथ ने कहा कि आज शिवराज जनआशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। लंबे-चैडे़ वादे कर रहे हैं। सरकारी अधिकारियों को टारगेट देकर आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, पटवारियों और अन्य सरकारी कर्मचारियों को जोर-जबरदस्ती इस यात्रा में बुलाया जा रहा है। शिवराज कह रहे हैं कि विकास हुआ है। मैं उनसे सवाल करता हूं कि वे बतायें कि आखिर विकास हुआ कहां हैं?
कमलनाथ ने कहा कि शिवराज पूरे प्रदेश में शासकीय खर्च पर सरकारी भीड़ एकत्र कर जनआशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं, मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि वे किस बात का आशीर्वाद मांग रहे हैं। किसानों की आत्महत्याओं में प्रदेश देश में अव्वल आने का, महिलाओं के अत्याचार में देश में नंबर वन आने का या बेरोजगारी में देश में शीर्ष पर आने का?
श्री नाथ ने कहा कि आज माफियाओं का नेतृत्व भाजपा के नेता कर रहे हैं। हमारी सरकार आयी तो प्रदेश का नया नक्शा बनायेंगे। कांग्रेस की सोच में नौजवान, किसान, महिलाओं का सम्मान प्राथमिकता पर है और भाजपा की सोच में ठेकेदार और माफिया प्राथमिकता हैं।
MP में कांग्रेस सरकार आने पर गन्ना किसानों को अनुदान मिलेगा