गणित में अव्वल आना है तो झुककर नहीं सीधे बैठे, मिलेगी सफलता

न्यूयॉर्क,झुककर बैठने से शरीर की सक्रियता कम हो जाती है और दिमाग भी सही काम नहीं कर पाता है। इसी प्रकार आपको अगर गणित से डर लगता है तो आप सिर्फ अपने बैठने के तरीके में बदलाव कर न सिर्फ इस डर को दूर भगा सकते हैं बल्कि परीक्षा में बेहतर अंक भी हासिल कर सकते हैं। एक नए शोध के बाद छात्रों को यह सलाह दी गई है। जर्नल न्यूरो रेगुलेशन में प्रकाशित शोध में बताया गया है कि 50 फीसदी से ज्यादा प्रतिभागियों ने गणित की परीक्षा में सीधा बैठकर अच्छा अंक हासिल किया, जबकि झुककर बैठने वाले छात्र ज्यादा सवाल हल नहीं कर पाए। अमेरिका में सैन फ्रांसिस्को स्टेट यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर और शोधकर्ता एरिक पेपर ने बताया कि गणित से डरने वाले लोगों को बैठने के तरीके में बदलाव कर बड़ा फायदा मिल सकता है। अध्ययन में कॉलेज के 125 छात्रों को शामिल कर यह देखा गया कि वे गणित में कैसा प्रदर्शन करते हैं। इस दौरान उन्हें परीक्षा के दौरान उनकी घबराहट का स्तर लिखने को कहा गया। शोधकर्ताओं ने पाया कि सीधी अवस्था में बैठे 56 फीसदी छात्रों को गणित का प्रश्नपत्र हल करना आसान लगा। विश्वविद्यालय के सह प्राध्यापक रिचर्ड हार्वे ने कहा कि झुककर बैठने से दिमाग में पुरानी और बुरी यादें ताजा हो जाती हैं। पेपर ने कहा झुककर बैठने से उनकी सक्रियता कम हो जाती है और उनका दिमाग सही से काम नहीं कर पाता है और व्यक्ति कुछ भी स्पष्ट रूप से नहीं सोच पाता है। एथलीट, गायक और सार्वजनिक वक्ताओं को परीक्षा में सीधे बैठने की आदत के कारण उनका प्रदर्शन सुधरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *