सिवनी,शिवराज सिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा मंगलवार को सिवनी जिला पहुंची। इस दौरान सीएम ने लखनादौन, केवलारी, पलारी तिगड्डा, कान्हीवाड़ा, चिमनाखारी में सभा को संबोधित किया। चौहान ने कहा कि केवलारी में कांग्रेस विधायक बार-बार जीत जाते हैं, लेकिन विकास नहीं कराते। हमने प्रदेश और क्षेत्र के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है, इस बार तो भाजपा को जिता दो, केवलारी में विकास की गंगा बहा देंगे। केवलारी को नगर पंचायत का दर्जा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने पिछले 50 सालों में प्रदेश को बर्बाद कर दिया। हालत यह थी कि हमारे बच्चों को चिमनी में पढऩा पड़ता था। सड़क, बिजली, पानी कुछ भी नहीं था, लेकिन हमने प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया है।
18 करोड़ से अधिक का बिजली बिल माफ किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संबल योजना में हमने केवलारी में ही 4612 लोगों के 18 करोड़ से अधिक रुपए के बिल माफ किए है। उन्होंने कहा कि हमने गेहूं और धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर किसानों को दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के दौरान आपदा के समय ऊंट के मुंह में जीरे के बराबर मदद दी जाती थी, लेकिन हमने किसानों को 20000 रूपए तक दिए हैं। हमने किसानों की और प्रदेश की जिंदगी बदलने का काम किया है। इस दौरान मंच पर सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमनु, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, ढालसिंह बिसेन, पूर्व मंत्री नीता पटेरिया, जिला अध्यक्ष राकेश पाल सिंह सहित जिला पदाधिकारी उपस्थित थे।
भांजे-भांजियों के आग्रह पर मामा-मामी पहुंचे मंच पर
ग्राम छोरी में रथ सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा कि मैंने आपकी आवाज सुन ली है। आप मुझे मंच पर बुला रहे हैं, लेकिन मुझे जल्दी आगे जाना है। आप लोग मन लगाकर पढ़े और आगे बढ़ें। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेधावी बच्चों का मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और आईआईएम में एडमिशन होने पर उनकी फीस आपका मामा भरेगा। ग्राम पंचायत छुई में स्कूली बच्चे जब मामा जी को मंच पर आने का आग्रह कर रहे थे, तो शिवराज ने पहले अपनी बात कही। बाद में वे बच्चों की जिद पूरी करने के लिए मंच पर पहुंचें और बच्चों को मन लगाकर पढऩे का संकल्प दिलाया। मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह भी मंच पर उपस्थित थीं।
इस बार जिता दो, विकास की गंगा बहा देंगे