मवेशी ले जा रहे लोगों की भीड़ ने घेरकर की पिटाई, कैंटर को आग लगाने की भी कोशिश

ग्रेटर नोएडा, पशुओं के व्यापार से जुड़े लोगों के लिए यह समय बिलकुल अनुकूल नहीं है। यूपी के नोएडा में कैंटर में मवेशी लेकर जा रहे लोगों को भीड़ ने घेर लिया। भीड़ ने चालक को दबोच कर उसकी पिटाई कर दी। जबकि उसके दो साथी जान बचाकर भाग निकले। गुस्साई भीड़ ने कैंटर में तोड़फोड़ की और आग लगाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ के चंगुल छुड़ाया और अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने उग्र भीड़ को शांत कराकर भेज दिया।
मथुरा के यमुनापार क्षेत्र की पशु मंडी से रविवार को चालक असलम अपने दो साथियों के साथ कैंटर में भैंस के 80 कटड़ों लादकर गाजियाबाद के डासना स्थित एक बूचड़खाने लेकर जा रहा था। शाम करीब साढ़े चार बजे ग्रेटर नोएडा में हांडा चौक के पास कैंटर के पास से गुजर रही बस में बैठे लोगों ने उसमें मरे हुए कटड़ों को देखकर कैंटर रुकवा लिया और हंगामा करने लगे। हंगामा होते देख आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। कैंटर के रुकते उसमें सवार दो लोग भाग निकले जबकि चालक असलम निवासी मेरठ को लोगों ने पकड़ लिया।
भीड़ ने चालक को पकड़ कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। गुस्साए लोगों ने कैंटर में तोड़फोड़ कर दी। आग भी लगाने का प्रयास किया। इसी बीच सूचना पाकर मौके पर पहुंची कसाना पुलिस ने चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और भीड़ का समझा बुझाकर शांत कराया। कोतवाली प्रभारी आजाद तोमर ने बताया कि इश्तयाक और एक अन्य फरार हैं। कैंटर से 9 मृत कटड़े बरामद किए। एसपी देहात आशीष श्रीवास्तव का कहना है कि मवेशियों के भरे ट्रक के पकड़े जाने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। उग्र भीड़ को शांत कराया और अवैध रूप से मवेशी ले जा रहे चालक पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। जीवित मवेशियों को ग्रामीणों को सौंप दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *