उत्तर प्रदेश में बारिश ने छीनी दस लोगों की जिंदगी

लखनऊ,उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान हुई भारी बारिश से जुड़ी घटनाओं में दस लोगों की मौत हो गई है, जबकि सात अन्य के घायल होने की खबर है। पिछले सप्ताह से अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढकर 80 हो गई है। राहत आयुक्त संजय प्रसाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कल से हो रही बारिश में दस लोगों की मौत हो गई है, जबकि सात अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह से आज सुबह साढे 11 बजे तक मृतकों की संख्या बढकर 80 और घायलों की संख्या बढकर 84 हो गई है। पिछले सप्ताह सबसे अधिक 11 मौतें सहारनपुर में हुईं हैं। बारिश से जुड़ी घटनाओं में 44 मवेशियों की मौत हो गई और 451 मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के आला अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे जनता को सचेत करें और प्रभावित क्षेत्रों का व्यापक दौरा करें। साथ ही जर्जर भवनों को तत्काल खाली कराएं। योगी ने अधिकारियों से जरूरतमंदों को वित्तीय एवं चिकित्सकीय मदद मुहैया कराने को भी कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *