अलवर,देश में गो हत्या की शंका के चलते माबलिंचिंग के मामले थम नहीं रहे हैं। राजस्थान के अलवर में एक बार फिर गो-तस्करी के शक में एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतक दो गाय लेकर साथ लेकर जा रहा था। तभी कुछ लोगों ने गोतस्करी का आरोप लगाकर पीड़ित को पीटना शुरू कर दिया। मृतक का नाम अकबर बताया जा रहा है। मामला अलवर जिले के रामगढ़ इलाके के गांव लल्लावंडी का है जहां शुक्रवार रात स्थानीय लोगों ने अकबर को गो-तस्कर बताकर पीटना शुरू कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इस मामले में एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने प्रतिक्रिया देकर मोदी सरकार पर प्रहार किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘गाय को संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीने का नैतिक अधिकार है और एक मुस्लिम को मारा जा सकता है क्योंकि उनके ‘जीने’ का नैतिक अधिकार नहीं है। मोदी शासन के चार साल- लिंच राज।’ उल्लेखनीय है कि इससे पहले 2017 में अलवर में ही 55 साल के पहलू खान की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड के बाद देशभर में जबरदस्त आक्रोश फैला था। जिस वक्त पहलू पर हमला हुआ उस वक्त वह राजस्थान में गाय खरीदने के बाद हरियाणा जा रहे थे। डेयरी व्यवसाय करने वाले पहलू खान की हमले के 2 दिन बाद मौत हो गई थी। भीड़ ने उन्हें पशु तस्कर समझकर हमला किया था। मामले में राजस्थान पुलिस ने 6 आरोपियों को क्लीनचिट दे दी थी जबकि 9 अन्य आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला चलाए जाने की बात कही थी।
गो-तस्करी की शंका में अलवर में एक और हत्या, पीट-पीटकर ली जान