अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट में नहीं उतरेगी टॉप टीम

नई दिल्ली,अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के साथ जून में होने वाले टेस्ट मैच में भारतीय टीम के कैप्टन विराट कोहली के साथ-साथ और भी कई खिलाड़ी नहीं शामिल होने वाले है। बीसीसीआई ने यह फैसला इंग्लैंड टूर को ध्यान में रखते हुए लिया है। उन खिलाड़ियों को टीम में लिया जा सकता है जो निदाहास ट्रॉफी के वक्त टीम का हिस्सा थे। श्रीलंका में हुए उस टूर्नामेंट में भारत जीता था। सूत्रों के मुताबिक,विराट कोहली के साथ-साथ अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा, मुरली विजय, शिखर धवन,आर अश्विन,ईशांत शर्मा,भुवनेश्वर कुमार,जसप्रीत बुमराह अफगानिस्तान टेस्ट में शामिल नहीं होने वाले है। इसके पीछे की वजह बताते हुए एक अधिकारी ने कहा, टेस्ट के टॉप खिलाड़ियों को दौरा शुरू होने से पहले इंग्लैंड भेजा जाएगा। बोर्ड के बाकी सभी सदस्यों ने भी इस फैसले की तारीफ की। सभी मानते हैं कि अफगानिस्तान के खिलाफ खेलने से अच्छा इंग्लैंड जाकर पहले प्रैक्टिस करना रहेगा।’ इंडियन प्रीमियर लीग खत्म होने के बाद विराट कोहली और आर अश्विन इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट में शामिल होने वाले है। वहीं रेग्युलर टेस्ट क्रिकेटर्स भी इंडिया ए टीम के साथ पहले इंग्लैंड पहुंच जाएंगे। राहुल द्रविंड़ की देखरेख में ये खिलाड़ी इंग्लैंड की पिचों को समझने का प्रयास करने वाले है। इंडिया ए के मुकाबले 21 जून से शुरू हो जाएंगे। भारत का इंग्लैंड दौरा 3 जुलाई से 7 सितंबर तक चलेगा। इसमें भारत 3 वनडे, 5टेस्ट और 3 टी-20 मैच खेलेगा। वहीं भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट मैच 14-18 जून के बीच होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *