ठाणे,ठाणे पुलिस की हफ्ता विरोधी दस्ते ने दाऊद इ्ब्राहिम के एक करीबी सहयोगी तारिक परवीन को साल 1998 के एक दोहरे हत्या मामले में गिरफ्तार किया है. हफ्ता विरोधी दस्ते के प्रमुख प्रदीप शर्मा ने कहा कि गुरुवार रात 51 साल के तारिक परवीन को दक्षिणी मुंबई के क्रॉफोर्ड मार्केट के निकट स्थित एल.टी.रोड के अशोका शॉपिग सेंटर की एक दुकान से गिरफ्तार किया गया. वह 38 साल के केबल ऑपरेटर मोहम्मद इब्राहिम और उसके कारोबारी सहयोगी परवेज अंसारी (41) के हत्या मामले का आरोपी है. ३१ अगस्त १९९८ में मुंब्रा में इन दोनों पर सात लोगों के एक गिरोह ने गोली मार कर हत्या कर दी थी. शर्मा ने कहा कि यह हत्या केबल कारोबार को लेकर प्रतिद्वंद्विता की वजह से हुई थी. इस संबंध में मुंब्रा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया गया था. उन्होंने बताया, “हमें एक गुप्त सूचना मिली थी कि परवीन अशोक शॉपिंग सेंटर की एक दुकान में छुपा है. इसलिए हमने दुकान पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया. शर्मा ने बताया कि परवीन को मुंब्रा पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया गया है. कोर्ट ने उसे १ मई तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है. बता दें कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम भारत का मोस्ट वॉन्टेड अपराधी है. बताया जाता है कि दाउद पाकिस्तान में है और वो वहीं से अपना गैंग चला रहा है. बता दें कि इससे पहले जनवरी 2015 में डी कंपनी के सक्रिय सदस्य तारिक परवीन और मोहम्मद उस्मान को पकड़ा गया था. 15 साल बाद हुई यह गिरफ्तारी बड़ी सफलता थी लेकिन फरवरी में ही दाउद इब्राहिम के शूटरों को जमानत मिल गई.
अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद का करीबी तारिक परवीन गिरफ्तार