सबरीना ने बहन जेसिका के हत्यारे को किया माफ

नई दिल्ली,जेसिका लाल की हत्या के लगभग दो दशक के बाद उनकी बहन सबरीना ने दोषी सिद्धार्थ वरिष्ठ उर्फ मनु शर्मा को माफ कर दिया है। मनु शर्मा को तिहाड़ के ओपन जेल में शिफ्ट करने के फैसले पर सबरीना को कोई आपत्ति नहीं है। ज्ञात हो कि मॉडल जेसिका लाल की हत्या के मामले में मनु शर्मा आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। सबरीना ने कहा कि उन्होंने अपनी बहन की जान लेने वाले व्यक्ति को दिल से माफ कर दिया है। उसे सजा में रियायत मिलती है, तो उन्हें कोई परेशानी नहीं है। सबरीना ने जनकल्याण अधिकारी को भेजे अपने पत्र में लिखा मुझे बताया गया है कि जेल के अंदर वह काफी धर्मार्थ काम कर रहा है। वह साथी कैदियों की भी मदद करता है। यह उसके सुधरने का संकेत है। पिछले महीने सेंट्रल जेल नंबर-2 के जनकल्याण अधिकारी को लिखे पत्र में उन्होंने लिखा मैं यह बताना चाहूंगी कि मुझे उनकी रिहाई से कोई परेशानी नहीं है और यह सच है कि उसने अपनी जिंदगी के 15 साल जेल की सलाखों के पीछे ही बिताए हैं।
पत्र लिखने की पुष्टि करते हुए सबरीना ने बताया वह अपनी सजा काट रहा है और मैं इन सबको अब खत्म करना चाहती हूं। अपने दिमाग में मैंने उसे माफ कर दिया है। यह बिल्कुल वैसा ही है, जैसे सब कुछ से खाली होकर किसी को माफ कर देना और जिंदगी में आगे बढ़ना। मैं भी अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहती हूं। सबरीना कहती हैं कि मैं अब कोई और गुस्सा और नफरत अपने दिल में नहीं रखना चाहती।
मुझे लगता है कि उसने अपनी सजा काट ली है। अब मैं इस स्थिति में और अधिक नहीं उलझना चाहती। सबरीना जोर देकर कहती हैं कि वह अब और अधिक गुस्से में नहीं जीना चाहतीं। गुड़गांव में रह रही सबरीना ने जेल कल्याण अधिकारी की तरफ से पीड़ित कल्याण फंड से मिलनेवाली राशि लेने से भी इनकार कर दिया। सबरीना ने कहा कि उन्हें इस पैसे की जरूरत नहीं है। यह पैसा किसी ज्यादा जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचा दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *