कर्नाटक में ली गई राहुल गांधी और अमित शाह के विमानों की तलाशी

बेंगलुरु,निर्वाचन अधिकारियों ने कर्नाटक के दौरे पर पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के विमानों की हुबली एयरपोर्ट पर तलाशी ली। राहुल और अमित शाह राज्य में 12 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अपनी-अपनी पार्टी का चुनाव प्रचार करने वहां पहुंचे हैं। तलाशी अभियान में जिला स्तर के तीन निर्वाचन अधिकारी शामिल थे। उन्होंने बताया कि कर्नाटक में मुक्त और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के मद्देनजर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह अभियान चलाया गया। धारवाड़ जिले के उपायुक्त एसबी बोम्मनाहल्ली ने बताया, आयोग के नोडल अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने यह आकस्मिक तलाशी ली।
तलाशी के बाद नोडल अधिकारी हीरे गौड़ा ने कहा, हमें कोई सामान नहीं मिला है। अमित शाह के साथ दो लोग और थे, हमने उनके नाम की जांच नहीं की है। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए अपने पांचवें चरण का प्रचार कर रहे है। उनकी दो दिवसीय यात्रा का बुधवार को दूसरा दिन है। वह चित्रदुर्ग जिले के होलालकेरे जाएंगे जहां वह जनसभा को संबोधित करेंगे। फिर वह तुमकुर जिले में सिद्धगंगा मठ जाएंगे। वह सिद्धगंगा मठ के शिवकुमार स्वामीजी से भी मुलाकात करेंगे। राहुल की शिवकुमार स्वामी के साथ बैठक का उद्देश्य लिंगायत के बीच पार्टी के आधार को मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *