रांची, झारखंड के लातेहार जिले के मनिका और हेरहंज थाना क्षेत्र के बड़गांव जंगल में बुधवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में पांच नक्सली मारे गये, जबकि मौके से भारी मात्रा में हथियार समेत अन्य सामान बरामद किये गये है।
पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता और आईजी आशीष बत्रा ने बताया कि लातेहार के पुलिस अधीक्षक प्रशांत आनंद को मिली गुप्त सूचना के आधार पर आज सुबह झारखंड पुलिस, कोबरा, झारखंड जागुआर और सीआरपीएफ जवानों की संयुक्त टीम ने मनिका और हेरहंज थाना के सीमावर्ती इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया और सुरक्षा बल जैसे ही माओवादियों के नजदीक पहुंचे, नक्सलियों ने फायरिंग शुरु कर दी। सुरक्षा बलों की ओर से की गयी जवाबी कार्रवाई में पांच नक्सली मारे गये। उन्होंने बताया कि मारे गये नक्सलियों में कई नामी माओवादी शामिल है, वहीं अन्य फरार नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आईजी ने बताया कि मारे गये नक्सलियों के पास से तीन ए.के. 47, एक इंसास रायफल, एक 315बोर का रायफल और भारी मात्रा में कारतूस और पिट्ठू बरामद किये गये है।
बताया गया है कि मुठभेड़ में मारे गये सभी पांच नक्सलियों के शव भी जंगल से बरामद कर लिये गये है और इनमें से एक नक्स्ली की पहचान पांच लाख के इनामी सरवरण शिवलाल के रुप में की गयी है।
इधर, गुमला पुलिस ने पीएलएफआई नक्सली एरिया कमांडर संजय महतो उर्फ संतोष टाइगर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल किया है। उसके खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्र में कई आपराधिक मामले दर्ज है।
पुलिस मुठभेड़ में पांच नक्सली ढेर,हथियार बरामद