काबुल , अफगानिस्तान में हवाई हमले में 30 आतंकवादी मारे गए और कुछ घायल हो गए हैं। हालांकि, तालिबान का दावा है कि एक धार्मिक स्कूल को निशाना बनाकर हवाई हमला हुआ, जिसमें आम नागरिक मारे गए हैं। फिलहाल, सच की पुष्टि नहीं हो पाई है। स्थानीय अस्पताल में घायल कुछ बच्चों को भर्ती कराया गया, जिससे लगता है कि उस क्षेत्र में आम नागरिक थे। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद रदमैनिश ने बताया कि कुंदुज प्रांत के दश्ती आर्ची जिले में हवाई हमले में नौ कमांडरों सहित 30 तालिबानी लड़ाके मारे गए और कुछ अन्य घायल हो गए। उन्होंने कहा, मैं पुष्टि करता हूं कि तालिबान प्रशिक्षण केंद्र पर बमबारी हुई और कोई भी आम नागरिक वहां नहीं था। तालिबान ने एक बयान में कहा कि मदरसा पर हवाई हमला किया गया और 100 से ज्यादा मौलवी, मजहबी छात्र और अन्य नागरिक घायल हो गए। एक अलग घटना में दक्षिणी हेलमंड प्रांत में विषाक्तता से स्कूल में 48 छात्राएं बीमार हो गई।
हवाई हमले में 30 तालिबानी आतंकियों की मौत, तालिबान ने किया इंकार