छेड़छाड़ की घटनाओं पर पुलिस का एक्शन,मनचलों का सरेबाजार निकाला जुलूस

भोपाल,राजधानी भोपाल में छेड़छाड़ की लगातार घटनाओं के बाद अब पुलिस भी एक्शन में आ गई है। बुधवार रात एमपी नगर इलाके में जर्नलिज्म की छात्रा से सरेराह दो युवकों द्वारा बदसलूकी करने के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुरूवार को दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और उनका जुलूस निकाला। छेड़छाड़ की घटनाओं से लोगों में भी आक्रोश है, और आरोपियों को जुलूस के दौरान ही लोगों ने पुलिस से कहा कि इन्हे जनता के हवाले करो, इन मनचलों का फैसला जनता करेगी। ऐसे मनचलों को सबक सिखाने और लोगों का डर दूर करने पुलिस ने यह नया तरीका अपनाया है।
दरअसल, बुधवार की रात एमपी नगर इलाके में माखनलाल यूनिवर्सिटी की एक छात्रा के सरेराह दो युवकों ने बदसलूकी की और विरोध करने पर चाकू दिखाकर डराने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि मुख्य आरोपी मौके से भाग निकला। जानकारी के अनुसार होशंगाबाद जिले के इटारसी में रहने वाली बीस वर्षीय युवती यहां माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से एमजे की पढ़ाई कर रही है। इसके साथ ही वह एमपी नगर स्थित एक मीडिया हाउस से इंटर्नशिप भी कर रही है। रात करीब पौने आठ बजे वह कार्यालय से निकलकर जा रही थी। उसकी सहेलियां विशाल मेगा मार्ट के पास लगने वाले एक बिरयानी के ठेले पर इंतजार कर रही थी। जल्दी पहुंचने के लिए वह तेज कदमों से आगे बढ़ रही थी, जिससे ठेले तक पहुंचते वह हांफने लगी। इसी दौरान पास के एक ठेले पर खड़ा युवक, युवती की नकल उतारने लगा। युवती ने इसका विरोध किया तो वह बहस करने लगा और ठेले पर से नीबू काटने का चाकू निकालकर डराने की कोशिश की। लोगों ने उसे दबोचने का प्रयास किया तो वह भाग निकला, जबकि उसके साथी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पकड़े गए युवक का नाम आरिफ निवासी छोला मंदिर बताया गया है। पुलिस ने उससे पूछताछ कर उसके साथी को भी हिरासत में ले लिया है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *