नई दिल्ली,चार वरिष्ठ असंतुष्ट जजों में से एक जस्टिस जे. चेलमेश्वर के बीमार पड़ने के कारण कोर्ट नहीं पहुंचने पर सुप्रीम कोर्ट का संकट हल करने के प्रयास कारगर नहीं हुए। सूत्रों का कहना है कि देश के मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा के खिलाफ विगत शुक्रवार से जारी चार असंतुष्ट जजों के तेवरों को शांत करने के उपाय कारगर नहीं हुए। हालांकि जस्टिस चेलमेश्वर की बीमारी के चलते अवकाश लेने पर उनके आवास पर ही एक अन्य असंतुष्ट जज जस्टिस रंजन गोगोई ने उनसे मिलकर 15 मिनट विचार-विमर्श किया। बाद में लंच ब्रेक के दौरान सीजेआई का सुप्रीम कोर्ट के जजों के साथ पूर्व निर्धारित लंच खुशनुमा माहौल में हुआ। प्रत्येक बुधवार को सुप्रीम कोर्ट के जजों की मुलाकात परंपरागत रूप से ‘घर के खाने’ पर होती है। इसमें सुप्रीम कोर्ट के सभी जज बारी-बारी से अपने गृह राज्य का खाना लेकर आते हैं। सूत्रों के अनुसार इस दौरान सीजेआई और अन्य जजों ने तीनों असंतुष्ट जजों से बात की, लेकिन विवाद सुलझाने में कोई खास प्रगति नहीं हुई। इन चारों जजों के करीबी सूत्रों के अनुसार संकट का अभी हल नहीं निकला है। चूंकि अब इस हफ्ते में केवल दो ही कार्यदिवस बचे हैं, इसलिए अगले हफ्ते तक इस संकट का समाधान निकलने के आसार नहीं हैं। सूत्रों के मुताबिक जस्टिस चेलमेश्वर समेत चारों असंतुष्ट जज चाहते हैं कि चीफ जस्टिस उनके उठाए मुद्दों पर अपनी योजना अवश्य रखें। इन जजों का मानना है कि उनका यह कदम न्यायपालिका को मजबूत बनाने के लिए हैं। इस मामले में कुछ कवायद हो रही है और असंतुष्ट जज हर बिंदु पर चर्चा के लिए तैयार हैं।
न्यायपालिका का संकट बरकरार,न्यायमूर्ति चेलमेश्वर नहीं पहुंचे अदालत