वॉशिंगटन,अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर पाकिस्तान पर जम कर बरसे। ट्रंप ने पाकिस्तान को बेहद सख्त संदेश देते हुए कहा है कि पिछले 15 वर्षो में पाकिस्तान को मदद देना बेवकूफी भरा फैसला रहा। पाकिस्तान हमारे नेताओं को मूर्ख समझता है और आतंकियों को पनाह देता है। ट्रंप ने आगे कहा कि अमेरिका पिछले 15 सालों में मूर्खतापूर्ण तरीके से 33 अरब डॉलर से ज्यादा राशि बतौर सहायता पाकिस्तान को दे चुका है। मगर पाकिस्तान ने हमारे नेताओं को मूर्ख समझकर हमें छल-कपट के अलावा और कुछ नहीं दिया।’ ट्रंप के इस ट्वीट से संकेत मिलते हैं कि पाकिस्तान की आतंकी संगठनों को संरक्षण देने की नीति पर अमेरिका की ओर से इस साल में शिकंजा कसा जा सकता है। इससे पहले भी इस मुद्दे पर ट्रंप प्रशासन की ओर से पाकिस्तान को कई बार फटकार लगाई जा चुकी है।
बता दें कि पिछले दिनों ऐसी खबरें आई थीं कि अमेरिका जल्द ही पाकिस्तान को एक बड़ा झटका दे सकता है। दरअसल अमेरिकी सरकार पाकिस्तान को दी जाने वाले 25 करोड़ 50 लाख डॉलर की सहायता राशि रोकने पर विचार कर रही है। इससे साफ है कि ट्रंप प्रशासन आतंकवादी संगठनों के खिलाफ पाकिस्तान द्वारा कार्रवाई ना किए जाने से असंतुष्ट है।
हालांकि ये पहला मौका नहीं है, जब डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान की नीयत पर सवाल उठाए हों। इससे पहले बीते साल भी अमेरिका ने पाकिस्तान को कई बार आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी। अमेरिका ने कहा था कि पाकिस्तान को अपनी सरजमीं से संचालित होने वाले आतंकी संगठनों के प्रति अवश्य ही अपना रुख बदलना चाहिए और उनके खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करनी चाहिए।
पाकिस्तान हमें मूर्ख समझता है, 15 सालों में उसे मदद देना बेवकूफी : ट्रंप