लखनऊ, छोटे परदे के दर्शकों ने उन्हें महादेव में पार्वती और यहां मैं घर-घर खेली’ में आभा की भूमिका में देखा है लेकिन आने वाले दिनों में सुहासी धामी अब 42 वर्ष की महिला की भूमिका में आ रही हैं। 15 जनवरी से शुरू होने वाले आप के आ जाने से’ में सुहासी आत्मनिर्भर महिला हैं, नाटक में उन्हें 24 वर्ष का एक युवक प्रेम करने लगता है। अपने किरदार के बारे में बताते हुए सुहासी ने कहा कि एक महिला की भूमिका से उनके कॅरिअर पर असर नहीं पड़ेगा,धामी ने कहा कि मेरे लिए उम्र कोई मायने नहीं रखती है। मुझे 42 की जगह अगर 52 वर्ष की महिला की भूमिका करनी होती,तो भी मैं जरूर करती। मुझे नहीं लगता कि इससे मेरे आगे की भूमिकाओं पर प्रभाव पड़ेगा।
वैसे भी अब मुझे 18 साल की भूमिका तो मिलनी नहीं है। धारावाहिक की चर्चा करते हुए सुहासी ने कहा कि अगर अधिक उम्र का पुरुष अपने से काफी कम उम्र की लड़की से प्यार करता है तो समाज में स्वीकार्य हो जाता है, लेकिन अगर अधिक उम्र की महिला का किसी कम उम्र के युवक से प्रेम होता है तो समाज उसे स्वीकार नहीं कर पाता है। यह बात इस सीरियल की जान है।
उन्होंने बताया कि धारावाहिक में उनकी भूमिका 42 वर्ष की वेदिका की है,जिसकी 15 साल की बेटी है।उससे 24 साल का युवक प्यार करने लगता है। वेदिका खुद से भी झगड़ती है और समाज से भी। फिल्मों के बारे में सुहासी ने कहा कि टीवी पर आने के पूर्व मैंने दक्षिण की फिल्मों में अभिनय किया था,लेकिन टीवी धारावाहिकों में काम करने के बाद मुझे छोटे परदे पर ही अच्छा लगता है और मैंने फिल्मों के लिए प्रयास नहीं किया। उन्होंने कहा कि फिल्में पुरुषों का माध्यम है लेकिन टेलीविजन महिलाओं का माध्यम है। सुहासी ने कहा कि मैंने महादेव में पार्वती की भूमिका की और यहां मैं घर-घर खेली… में आभा की। व्यक्तिगत जीवन में आभा से बहुत कुछ सीखने और अपने जीवन में जोड़ने का मौका मिलता है।
सुहासी धामी 42 वर्ष की महिला की भूमिका में 24 साल के लड़के से प्रेम करती नजर आएँगी