प्रियंका 2019 में रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी?

‎रायबरेली,सोनिया गांधी के रिटायर होने की खबरों के बीच ऐसी चर्चा है कि उत्तर प्रदेश के रायबरेली से प्रियंका गांधी 2019 में लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। पहले भी कई बार प्रियंका के राजनीति में आने की खबरें आ चुकी हैं। इन अफवाहों और चर्चाओं के बीच पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के मेंटर और करीबी रहे गया प्रसाद का कहना था कि प्रियंका को सक्रिय राजनीति में उतरना चाहिए। गया प्रसाद का निधन 2010 में हो गया था। कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर राहुल की ताजपोशी की खबर से उनका परिवार काफी उत्साहित है। गया प्रसाद के बेटे जगदीश शुक्ला अपने पिता के विचारों पर तो कोई प्रतिक्रिया नहीं देते हैं, लेकिन राहुल द्वारा मां की विरासत संभालने की खबर से काफी उत्साहित हैं। रायबरेली के इस परिवार के घर में भगवान गणेश की एक 40 साल से पुरानी प्रतिमा है जिसे सालों से यह सौभाग्य के संकेत के तौर पर रखते रहे हैं।
शुक्ला परिवार में दशकों से यह परंपरा रही है कि जब भी नेहरू-गांधी परिवार का कोई सदस्य नॉमिनेशन फाइल करता है या कोई पद संभालता है घर में हवन और गणेश आरती होती है। राहुल गांधी के सोमनाथ मंदिर में गैर-हिंदू के तौर पर रेकॉर्ड में नाम दर्ज होने के विवाद पर शुक्ला परिवार का कहना है कि यह गैर-जरूरी विवाद है। उन्होंने कहा ‎कि आप देख सकते हैं हमारे घर में लगी तस्वीरों में उनका परिवार कितनी सारी पूजा और हवन में शामिल हुआ है। प्रियंका काफी मुखर हैं और हमें लगता है कि राजनीति में भाई-बहन की यह जोड़ी बहुत अच्छा कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *