पेइचिंग,पाकिस्तान ने डेमर-भाषा डैम के लिए 14 अरब डॉलर की चीनी मदद की पेशकश को ठुकरा दिया है। पाकिस्तान के एक प्रमुख अखबार ने अपनी रिपोर्ट में यह दावा किया है। इतना ही नहीं इस्लामाबाद ने चीन से कहा है कि वह 60 अरब डॉलर के सीपीईसी प्रॉजेक्ट से इस डैम प्रॉजेक्ट को बाहर रखे और इसे पूरी तरह पाकिस्तान को ही बनाने दे। यह पॉजेक्ट पीओके में स्थित है जिस पर भारत अपना दावा करता है। इससे पहले एशियन डिवेलपमेंट बैंक ने डैम प्रॉजेक्ट के लिए कर्ज देने से मना कर दिया था क्योंकि यह विवादित इलाके में बन रहा है। एक शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि चीन की कंपनियों द्वारा बेहद कड़ी शर्तों को मानने के बजाय पाकिस्तान इस प्रॉजेक्ट में खुद का पैसा लगाना पसंद करेगा। पाकिस्तान स्थित सूत्रों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय कर्जदाता इस प्रॉजेक्ट की फंडिंग के लिए तमाम कड़ी शर्तें लगा रहें हैं। इस वजह से प्रॉजेक्ट पर आनेवाला खर्च बढ़कर 14 अरब डॉलर हो गया है। शुरुआत में इस प्रॉजेक्ट पर पांच अरब डॉलर का खर्च आने का अनुमान लगाया गया था।