शामली/लखनऊ, सर शादी लाल ग्रुप की अपर दोआब शुगर मिल के वेस्टेज को नष्ट करने के लिए डाले गए केमिकल से निकली गैस की चपेट में आकर स्कूल जाने को निकले 500 से अधिक बच्चे बेहोश हो गए हैं। 30 की हालत गंभीर है। इनमें ज्यादातर बच्चे सरस्वती विद्या मंदिर व सरस्वती जूनियर हाई स्कूल के हैं। सभी बेहोश व बीमार बच्चों को जिला अस्पताल, सीएचसी व निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने पर दस बच्चों को मेरठ मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। प्रशासन ने शहर के सभी स्कूल बंद करा दिए। उधर, इस घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे गम्भीरता से लेते हुए सहारनपुर के मण्डलायुक्त को प्रकरण की जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने बच्चों के इलाज की उचित व्यवस्था करने के भी निर्देष दिए हैं।
प्राप्त विवरण के मुताबिक शामली शहर के बुढ़ाना रोड पर अपर दोआब शुगर मिल का बॉयलर है। यहां डिस्टलरी व शुगर मिल से निकली वेस्टेज को सड़क किनारे डाला जाता है। पास में ही डिस्टरी का गंदा पानी एकत्र कर उसे रिसाइकिलिंग किया जाता है। इसी रोड पर सरस्वती विद्या मंदिर व सरस्वती जूनियर हाई स्कूल है। सुबह बच्चे दोनों स्कूलों में जा रहे थे। इसी दौरान शुगर मिल के कर्मचारी वेस्टेज को नष्ट करने के उस पर केमिकल डाल रहे थे। बताया गया कि केमिकल से निकली गैस से बच्चों को दिक्कत होने लगी। कुछ बच्चे रास्ते तो कुछ स्कूल में जाकर बेहोश हो गए। थोड़ी ही देर में गैस स्कूल तक पहुंच गई। दोनों स्कूल के करीब पांच सौ बच्चे बेहोश होकर गिर गए। इससे स्कूल में अफरा-तफरी मच गयी। तुरन्त ही स्कूल प्रषासन ने पूरे मामले की सूचना अभिभावकों व अधिकारियों को दी गई। गाड़ियों में बच्चों को लेकर स्कूल के टीचर जिला अस्पताल व सीएचसी पहुंचे। यहां उनका इलाज शुरू किया गया। बच्चों की संख्या ज्यादा होने पर तत्काल अन्य डॉक्टरों को बुलाया गया। बाद में बच्चों को निजी अस्पताल रेफर किया गया। वहीं हालत गंभीर होने पर आठ बच्चों को मेरठ रेफर किया गया है।
वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शामली स्थित एक चीनी मिल के गैस रिसाव से बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों के प्रभावित हो जाने की घटना को गम्भीरता से लेते हुए सहारनपुर के मण्डलायुक्त को प्रकरण की जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री जी ने शामली के जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को प्रभावित बच्चों को हरसम्भव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गैस रिसाव से बीमार हुए बच्चों के उपचार की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
शामली में शुगर मिल की गैस से 500 बच्चे बेहोश, हंगामा, बंद किए गए सभी स्कूल