गोरखपुर हादसे के आरोपी डॉ.कफील खान धराए

गोरखपुर,बाबा राघवदास मेडिकल कालेज अस्पताल में बाल रोग विभाग के अध्यक्ष और मस्तिष्क ज्वर वॉर्ड के प्रभारी रहे डॉक्टर कफील खान को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। उल्लेखनीय है कि मेडिकल कालेज अस्पताल में दस अगस्त की रात आक्सीजन की कमी के चलते पांच दर्जन से अधिक बच्चों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से ही डा. खान फरार चल रहे थे।
घटना के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अस्पताल के दौरे के बाद डॉ. कफील को पद से हटा दिया गया था। आपको याद होगा कि डॉ. कफील उस समय सुर्खियों में आए थे, जब हादसे की रात उन्होंने एक मसीहा की भांति अपने दोस्त चिकित्सकों और निजी अस्पतालों से आक्सीजन सिलिंडर एकत्र कर अस्पताल में भर्ती बच्चों को बचाने का प्रयास किया था। लेकिन इसके बाद कफील पर निजी चिकित्सालय चलाने सहित कई अन्य गंभीर आरोप लगाए गए थे।
मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल राजीव मिश्रा और उनकी पत्नी पूर्णिमा मिश्रा को कानपुर से पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में डॉक्टर दंपती, बच्चा वॉर्ड के प्रभारी डॉक्टर कफील अहमद और पुष्पा सेल्स के दो अधिकारियों को नामजद किया गया है। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा-409 (भरोसा तोड़ना), 120बी (आपराधिक साजिश), 420 (ठगी) और भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धारा आठ के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *