200 करोड़ की केरवा और हलाली जल प्रदाय योजनाएँ मंजूर

भोपाल,लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्यमंत्री बृजेन्द्र सिंह यादव ने निर्देश दिये हैं कि जल जीवन मिशन में अधिकारियों को मासिक लक्ष्य दिये जाएं और उन्हें पूरा न करने वाले अथवा लापरवाही बरतने वालों के विरूद्ध कार्यवाही की जाएँ। राज्यमंत्री श्री यादव ने प्रदेश में जल जीवन मिशन में हो रहें कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि टेंडर फाईनल होने के उपरांत भी जिन ठेकेदारों द्वारा कार्य प्रारंभ नहीं किये जा रहे हैं, उनके टेंडर निरस्त करने की कार्यवाही की जाएँ।
यादव ने कहा कि भोपाल जिले के लिये दो महती जल प्रदाय योजनाएँ केरवा और हलाली स्वीकृत की गई हैं, इनमें आगे की कार्यवाही त्वरित गति से प्रारंभ की जाएँ। उन्होंने कहा कि मिशन को पूरा करने की समय-सीमा को देखते हुए लक्ष्य काफी बड़ा है। यह तब ही पूरा किया जा सकेगा जब कार्य में गति लाई जाए। श्री यादव ने बताया कि भोपाल जिले की ग्रामीण आबादी के लिये 96 करोड़ 17 लाख रूपये लागत की केरवा योजना से 76 गाँवों को और 99 करोड़ 17 लाख रूपये लागत की हलाली योजना से 61 गाँवों को नल कनेक्शन से पेयजल प्रदाय किया जा सकेगा।
अपर मुख्य सचिव पीएचई मलय श्रीवास्तव ने बताया कि स्कूल और आँगनवाड़ी में नल कनेक्शन से पेयजल प्रदाय के कार्य में गति आयी है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को लक्ष्य दिये जाकर उनके अनुरूप उपलब्धि अर्जित करने के निर्देश दिये जाएंगे। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन में जिले और विधानसभावार जानकारी शीघ्र तैयार कर उपलब्ध करवायी जाएगी ताकि जन प्रतिनिधियों के पास उनके क्षेत्रों में बनाई जा रही जल संरचनाओं की पूरी जानकारी उपलब्ध रहे। जल निगम के प्रबंध संचालक तेजस्वी एस. नायक, पीएचई के प्रमुख अभियंता के. के. सोनगरिया तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *