टोक्यो ओलंपिक में सिंधु ने चीन की जियाओ को हराकर कांस्य पदक जीता

टोक्यो, भारतीय महिला बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने रविवार को टोक्यो ओलंपिक में चीन की बिंग जियाओ को हराकर कांस्य पदक जीता है। सिंधु ने बिंग जियाओ को सीधे सेटों में आसानी से 21-13 और 21-15 से हराया। सिंधु की इस जीत के साथ ही टोक्यो ओलंपिक में भारत को दूसरा पदक मिला है। वहीं मीराबाई चानु ने भरोत्तोलन में भारत के लिए रजत पदक जीता था।
इससे पहले सिंधु को सेमीफाइनल में चीनी ताइपै की विश्व में नंबर एक ताइ जु यिंग के हाथों सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा था जिससे उनका स्वर्ण जीतने का सपना टूट गया था। सिंधू ने ताइ जु को पहले गेम में कड़ी टक्कर दी थी पर अंत में उन्हें 40 मिनट तक चले मैच में 18-21, 12-21 से हार का सामना करना पड़ा था। सिंधु ने रियो ओलंपिक में रजत जीता था, इसलिए प्रशंसकों को उनके स्वर्ण जीतने की उम्मीदें थीं।
इस जीत के साथ वह ओलंपिक खेलों में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला भी बन गईं हैं। सिंधु ने 2016 में रियो में खेले गए ओलंपिक खेलों में रजत पदक जीता था। उनके अलावा बैडमिंटन में दिग्गज साइना नेहवाल ने लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीता जा। जियाओ के खिलाफ मुकाबले में सिंधु ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और पहले गेम में 11-8 की बढ़त बनाई।इसके बाद बढ़त को 16-10, 19-12 किया और पहला गेम 21-13 से जीत लिया। वहीं दूसरे गेम में भी भारतीय खिलाड़ी ने अच्छी शुरुआत की और देखते ही देखते 5-2 की बढ़त बना ली। बिंग जियाओ पहला गेम हारने के बाद कुछ दबाव में नजर आईं जिससे उनके शॉट बाहर भी पड़े। सिंधु के खिलाफ दूसरे गेम में बिंग जियाओ ने वापसी की भी कोशिशें की और स्कोर 6-8 किया। सिंधु ने हालांकि कम गलतियां करते हुए बढ़त को बरकरार रखा और स्कोर 11-8 कर दिया। बिंग जियाओ ने फिर 11-11 से बराबरी की लेकिन वर्ल्ड चैंपियन सिंधु ने 16-13 से बढ़त ली और फिर 21-15 से गेम जीतकर पदक अपने नाम कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *