मप्र में अब रात में भी दिखने लगा गर्मी का असर, बढ रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान

भोपाल,राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान बढ़ रहा है। इससे धूप में चुभन बढ़ गई है। रात में भी गर्मी का असर दिखने लगा है। वातावरण में नमी नहीं रहने से मौसम शुष्क बना हुआ है। साथ ही हवाओं का रुख भी परिवर्तनशील बना हुआ है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मौसम का मिजाज अभी तीन-चार दिन तक इसी तरह बना रहने की संभावना है। वर्तमान में मध्य प्रदेश में कोई वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं है। साथ ही हवा का रुख भी दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी हो रहा है। इससे दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। धूप में तल्खी महसूस होने लगी है। बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस खरगोन में दर्ज किया गया। गुरुवार को गर्मी के तेवर और तीखे होने की संभावना है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे लगे उत्तर भारत में सक्रिय है। द्रोणिका लाइन (ट्रफ) के रूप में मौजूद इस सिस्टम के असर से उत्तरी पाकिस्तान पर एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। इससे हवा का रुख लगातार परिवर्तशील हो रहा है। मौसम विज्ञानी पीके साहा के मुताबिक तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहने के आसार है। न्यूनतम तापमान में भी कुछ तेजी आ सकती है। हालांकि रात के समय हवा का रुख उत्तरी हो जाने से कुछ ठंडक भी महसूस होती रहेगी। हवा की दिशा कभी दक्षिणी तो कभी उत्तर-पूर्वी हो रही है। वातावरण में नमी भी मौजूद नहीं है। इससे मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। इस वजह से तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है।इसके पूर्व वर्ष 2019 में भी फरवरी में गर्मी के तेवर तीखे रहे थे। 21 फरवरी को राजधानी का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री से. रिकार्ड किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *