रांची, झारखंड विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो)-कांग्रेस महागठबंधन की सरकार बनना तय हो गया है। महागठबंधन (46 सीट) को स्पष्ट बहुमत मिल गया है। सत्ताधारी भाजपा को 26 सीटें ही जीत पाई है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवरदास अपनी ही सीट नहीं बचा पाए। मुख्यमंत्री पद के दावेदार हेमंत सोरेन का दूसरी बार सीएम बनना लगभग तय है। हेमंत ने बेरहट और दुमका दोनों सीटों पर चुनाव जीत लिया है।
झामुमो और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सुबह से ही मिल रहे शानदार रूझानों के बाद से खु शियां मनाना शुरू कर दिया। राजधानी रांची सहित प्रदेश भर में लोगों ने ढोल नगाड़े बजाकर और पटाखे चलाकर जीत का स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि भाजपा की लोकप्रियता का ग्राफ निरंतर गिरता जा रहा है। 2018 में भाजपा 21 राज्यों में अपने सहयोगियों के साथ शासन में थी। लेकिन, एक वर्ष में ही उसने छह राज्यों में सरकार गंवाई है।
पिता का लिया आशीर्वाद
हेमंत सुबह पिता शिबू सोरेन से मिलने पहुंचे। उनका आशीर्वाद लिया और साइकिल भी चलाई।
निर्दलीय से हारे रघुवर
मुख्यमंत्री रहे रघुवर दास अपने ही पूर्व सहयोगी और निर्दलीय सरयू राय से हार गए हैं। रघुवर के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ भी चक्रधरपुर सीट से हार गए हैं। लेकिन, झामुमो से जामा विधान सीट पर उतरी सीता मुर्मू जीत के करीब हैं। सीता हेमंत सोरेन की भाभी हैं।
ये है विधानसभा का गणित
झारखंड की विधानसभा में कुल 81 सीटें हैं। यहां बहुमत का आंकड़ा 41 है। इस लिहाज से महागठबंधन ने 46 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। भाजपा को 26 सीटें ही मिली। झारखंड में 5 चरणों में हुए मतदान में कुल 65.23 फीसदी वोटिंग हुई थी।
दास ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा
मौजूदा मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपनी हार के साथ ही प्रदेश में भाजपा की स्थिति को देखते हुए अपना इस्तीफा राज्यपाल द्रोपदी मुर्मु को सौंप दिया है। दास ने कहा कि अगर सरयू राय डैमेज करते तो भाजपा को जो नंबर आ रहा है, उतना भी नहीं आता। जनता ने जो भी फैसला किया है, उसे हम स्वीकार करते हैं।
पिता के समर्पण और परिश्रम का नतीजा : हेमंत
हेमंत ने कहा कि आज का दिन जनता के सपनों को पूरा करने के संकल्प का दिन है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम पिता शिबू सोरेन के समर्पण और परिश्रम का परिणाम है। जनता ने जो जनादेश दिया है, वह स्पष्ट है। मैं मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं। कांग्रेस और राजद के साथ मिलकर हमने यह चुनाव लड़ा। लालू यादव, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी को मैं आभार देना चाहता हूं।
पीएम मोदी और शाह ने हेमंत को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने झामुमो के नेता हेमंत सोरेन को राज्य विधानसभा चुनाव में जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने विजयी गठबंधन को राज्य की सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं। मोदी ने ट्वीट किया कि उनकी पार्टी राज्य की सेवा करती रहेगी और जनकेंद्रिंत मुद्दे उठाती रहेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि हेमंत और झामुमो नीत गठबंधन को झारखंड चुनाव में जीत के लिए बधाई।
चुनाव परिणाम
झामुमो 30
भाजपा 25
कांग्रेस 16
जेवीएम (पी) 03
आजसु 02
राजद 01
(आंकड़े रूझानों पर आधारित)
झारखण्ड विधानसभा चुनाव में झामुमो-कांग्रेस-आरजेडी गठबंधन को बहुमत
