केंद्र से मप्र को मिले एक हजार करोड़ में से कितने रुपए किसानों को बांटे बताओ- राकेश सिंह

भोपाल,कांग्रेस ढकोसलेबाजी कर रही है, झूठ की राजनीति कर रही है। वह अपनी गलतियों को केंद्र पर थोपने की कोशिश कर रही है। चुनाव से पहले कांग्रेस ने कहा था कि कर्जा माफ करेंगे, आज तक माफ नहीं किया। भारी वर्षा से जो फसलें खराब हुईं उनका मुआवजा देना तो दूर सर्वे तक नहीं करवाया। केंद्र सरकार ने अपनी तरफ से दो बार दल भेजा। इसके पश्चात् केंद्र सरकार ने 1 हजार करोड़ रू. मध्यप्रदेश सरकार को भेजे। मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनकी सरकार किसानों को अभी तक 100 करोड़ रू. भी नहीं बांट पाई। यह पैसा प्रशासनिक खर्च चलाने के लिए नहीं, किसानों को देने के लिए दिया गया है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कही।
अच्छा किया, कांग्रेस ने रास्ता बता दिया
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने यह तय किया है कि भाजपा के सांसदों के घरों का घेराव करेंगे। हमें इस बात से प्रसन्नता है। मैं कांग्रेस के नेताओं और मुख्यमंत्री कमलनाथ से कहना चाहता हूं कि आपने यह बहुत अच्छा किया कि रास्ता खोल दिया। अभी तक हम ऐसा मानते थे कि घरों पर जाकर राजनीति नहीं होना चाहिए। लेकिन अब कांग्रेस ने इसकी शुरूआत कर दी है, जिससे हमारे लिए भी रास्ता खुल गया है।
किसानों के साथ नाइंसाफी कर रही प्रदेश सरकार
सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार लगातार किसानों के साथ नाइंसाफी कर रही है, ज्यादती कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले किसान यूरिया के लिए लाठियां खाया करता था, लाइनें लगा करती थीं। लेकिन केंद्र में नरेंद्र मोदी जी की सरकार बनने के बाद से यूरिया का संकट समाप्त हो गया है। मध्यप्रदेश में भी भाजपा की सरकार के समय कभी कोई कठिनाई नहीं हुई। अब कांग्रेस की कमलनाथ सरकार सोती रहती है। जब यूरिया की व्यवस्था करना चाहिए, तब आप टेंडर, तबादले, रेत, शराब के कार्यों में लगे होते हो। जब समय आता है और किसान परेशान होता है, तब ये अपना ठीकरा केंद्र पर थोपने लगते हैं।
एक महिला के लिए घटिया शब्द प्रयोग न करें कांग्रेसी
सिंह ने कहा कि कांग्रेस के विधायकों को इतनी मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए एक महिला जो साध्वी है, उसके लिए इतने घटिया शब्दों का इस्तेमाल न करें। अगर वो ऐसा करते हैं, तो प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सदन में जो हुआ था, उसका उत्तर भी साध्वी जी ने सदन में दे दिया है। इसके बावजूद कांग्रेस विधायक खुलेआम इस प्रकार की टिप्पणी कर रहे हैं और प्रदेश की कांग्रेस सरकार के मुखिया चुप्पी साधे हैं, इससे साबित होता है कि कांग्रेस किस दिशा में बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसी बातों को नजरअंदाज नहीं करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *