बेटे के जन्म का जश्न मना रहे युवक की ससुराल से मिठाई बांटकर लौटते समय हत्या

जबलपुर,संजीवनी नगर थानांतर्गत शाहीनाका दुर्गा मंदिर के पास रविवार शाम 7.15 बजे 28 वर्षीय ऑटो चालक के गले पर नुकीले हथियार से वार कर हत्या कर दी । सरेआम हुई हत्या की वारदात के बाद आसपास के लोग दुकानें बंद कर भाग गए। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी मृतक का करीबी था, जिसकी तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाते हुए पूरी वारदात की छानबीन शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी संजीवनी नगर श्रीमति भूमेश्वरी चौहान ने बताया कि यादव कॉलोनी निवासी मगन उर्फ संतोष पटेल (28) के यहां शुक्रवार को बेटा हुआ था। बेटे के जन्म की मिठाई बांटने मगन रविवार को अपनी ससुराल फूलसागर गया था। रात करीब पौने आठ बजे ससुराल के वापस आकर वह दुर्गामंदिर शाही नाका स्थित मटन शॉप के सामने फूलसागर निवासी चमन बर्मन के साथ खड़ा था। दोनों बातचीत कर रहे थे।
नुकीली चीज से हमला
इसी दौरान दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। चमन बर्मन ने जेब से नुकीली चीज निकालकर मगन के गले में मार दी। जिससे गले के अंदर की नस कट गई। नस कट जाने से मगन तड़पने लगा। खून देखकर वहां मौजूद लोग भी सहम गए। मगन बेहोश होकर वहीं गिर पड़ा। इसी दौरान आरोपी चमन वहां से भाग निकला। मौके पर मौजूद लोगों ने मगन के घर वालों को सूचना दी। वहीं एम्बुलेंस की मदद से मगन को मेडिकल अस्पताल भेजा गया।
मेडिकल में मौत
मेडिकल अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मगन को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना लगते ही अति. पुलिस अधीक्षक दक्षिण डॉ. संजीव उईके, नगर पुलिस अधिक्षक गोरखपुर आलोक शर्मा एवं एफएसएल टीम पहुंच गई। जिनकी उपस्थिति में पंचनामा कार्यवाही कर शव को पीएम के लिए भिजवाया गया।
बेटे के जन्म की खुशी
मगन की शादी अप्रैल 2018 में हुई थी। दो दिन पहले ही पत्नी ने मेडिकल में बेटे को जन्म दिया था। शनिवार को ही वह पत्नी को मेडिकल से लेकर घर लौटा था। बेटा होने की खुशी में वह ससुराल मिठाई बांटने गया था। दो दिन से वह दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ जश्न में डूबा था। इस दौरान उसकी निकट के रिश्तेदार से कई बार विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस को जांच में यह पता चला है कि मृतक मगन आरोपी चमन बर्मन का करीबी था। चमन ने किस बात पर हमला कर मगन की हत्या की इसकी जांच पुलिस कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *