राज बब्बर ने UP में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन की ली जिम्मेदारी, राहुल को भेजा इस्तीफा

लखनऊ, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राज बब्बर ने अपना इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को भेजा है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस महज एक सीट जीत सकी है। राज बब्बर ने फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से स्वयं भी चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें पराजय का सामना कनरा पड़ा। भाजपा उम्मीदवार राजकुमार चाहर ने राज बब्बर को तीन लाख से ज्यादा वोटों से चुनाव हरा दिया।
पार्टी ने पहले राज बब्बर को मुरादाबाद से प्रत्याशी बनाया था, लेकिन उन्होंने वहां से चुनाव लड़ने से मना कर दिया था। इसके बाद फतेहपुर सीकरी से मैदान में उतरे। भाजपा ने फतेहपुर सीकरी से मौजूदा सांसद चौधरी बाबूलाल का टिकट काटकर राजकुमार चाहर को प्रत्याशी बनाया था। जिसका बाबूलाल ने विरोध किया। तब माना जा रहा था कि भाजपा का नुकसान हो सकता है, लेकिन चौंकाने वाले नतीजे आए।
राज बब्बर ने ट्वीट कर कहा जनता का विश्वास हासिल करने के लिए विजेताओं को बधाई। यूपी कांग्रेस के लिए परिणाम निराशाजनक हैं। अपनी जिम्मेदारी को सफल तरीके से नहीं निभा पाने के लिए खुद को दोषी पाता हूं। नेतृत्व से मिलकर अपनी बात रखूंगा।
गौरतलब है कि सिनेमा जगत से राजनीति में आए राज बब्बर 1989 में वीपी सिंह के नेतृत्व वाले जनता दल से जुड़े। बाद में वह जनता दल छोड़कर समाजवादी पार्टी में चले गए। 2006 में उन्हें समाजवादी पार्टी से बर्खास्त कर दिया गया। इसके बाद 2008 में वह कांग्रेस पार्टी का हिस्सा बन गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *