पणजी, गोवा की मनोहर पर्रिकर सरकार में इन दिनों मुख्यमंत्री से लेकर उनके दो मंत्री तक बीमार हैं। वरिष्ठ राजनेताओं के बीमार पड़ने से राज्य में सरकार प्रशासनिक अधिकारी चला रहे हैं। मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर खुद लगातार पैंक्रियाज में इन्फेक्शन से परेशान हैं और दो बार अमेरिका जाकर इलाज करा चुके है। वह 15 अगस्त के बाद तीसरी बार दस दिन के लिए अमेरिका जाने वाले हैं। पिछली बार जब मनोहर पर्रिकर अमेरिक में थे तो राज्य में सत्ता संचालन का पूरा अधिकार मुख्य सचिव और एक कमेटी को दिया गया था। अब भी पर्रीकर ज्यादातर समय घर से ही काम कर रहे हैं। पर्रिकर मंत्रिमंडल में ऊर्जा और समाज कल्याण मंत्री पांडुरंग मडकैकर को अब ब्रेन स्ट्रोक के कारण मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनका ऑपरेशन हो गया है लेकिन उनको पूरी तरह ठीक होने में कम से कम महीने भर का समय लगेगा। इसी तरह पीडब्लूडी मंत्री सुधीन धवलीकर को भी ब्रेन स्ट्रोक हुआ है। उनको ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। धवलीकर भी कम से कम एक माह बिस्तर पर रहेंगे। इतना ही नही मापसा के विधायक फ्रांसिस डिसूजा और वास्को के भाजपा विधायक कार्लोस अल्मेडा भी बीमार चल रहे हैं। चिकित्सकों ने उनको आराम करने की सलाह दी है। माननीयों की बीमारी ने गोवा में इस बार विधानसभा का मानसून सत्र को लेकर संशय पैदा कर दिया है।
गोवा में मनोहर पर्रिकर सरकार बहुत ही कम मतों से बहुमत में हैं। भाजपा के पास खुद के 15 विधायक है, जबकि तीन विधायक गोवा विकास पार्टी के और तीन निर्दलीय विधायकों ने उनकी सरकार को समर्थन दिया है। कांग्रेस के पास 18 विधायक हैं। ऐसी स्थिति में थोड़ी सी भी गडबडी सरकार को भी हिला सकती है।
अधिकारियों के भरोसे चल रही गोवा सरकार,सीएम, दो मंत्री व अनेक विधायक बीमार
