दिल्ली के बुराडी की तर्ज पर मुंबई में भी एक परिवार के पांच लोगों ने की खुदकुशी की कोशिश

मुंबई,देश की राजधानी दिल्ली में एक ही परिवार के 11 सदस्यों द्वारा आत्महत्या किए जाने की लोमहर्षक घटना के बाद मुंबई के अलीबाग क्षेत्र में भी ऐसी ही एक घटना सामने आई है। अलीबाग के आक्षी इलाके में बुधवार को एक ही परिवार के पांच सदस्यों द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने से खलबली मच गई। पांचों सदस्यों को अलीबाग के जिला अस्पताल में उपचारार्थ दाखिल किया गया, जिनमें से दो बच्चों की हालत गंभीर होने की बात डॉक्टरों ने कही है।
अलीबाग पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि घरेलू कलह के चलते इन पांचों ने आत्महत्या का प्रयास किया। आत्महत्या का प्रयास करने वालों में वृद्ध दंपत्ति रामचंद्र पाटील (60) एवं रंजना पाटील (50) के अलावा बहू कविता राहुल पाटील (25), कविता की जुड़वां संतानें स्वराली पाटील (डेढ़ साल) एवं स्वराज पाटील होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के अनुसार, आक्षी निवासी पाटील परिवार के कोल्ड्रिंक में जहर पीने की आशंका है। जहर पीने वालों में वृद्ध पति-पत्नी, उनकी बहू और उसके दो बच्चे हैं। वृद्ध दंपत्ति का पुत्र मुंबई में नौकरी करता है। घटना की खबर मिलते ही वो मुंबई से रवाना हो गया है। इन सभी को अचेतावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभी यह पता नहीं चल सका है कि उन्होंने यह कदम क्यों उठाया? पुलिस जांच कर रही है। पूरे देश को स्तब्ध कर देने वाली ऐसी ही घटना दिल्ली के बुराड़ी इलाके में हुई थी, जिसमें भटिया परिवार के 10 सदस्यों ने फांसी लगा कर अपनी ईहलीला समाप्त कर ली थी। 75 वर्षीय वृद्धा का शव जमीन से बरामद किया गया था। मृतकों में दो बच्चों सहित 7 महिलाएं और चार पुरुष शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *