भोपाल,प्रदेश के अंदर फसल खरीदी में होने वाले फर्जीवाड़ा को रोकने के मकसद से राज्य सरकार ने एक नया प्लान तैयार किया है। पहली बार फसल के साथ किसान की फोटो खींचने का निर्णय लिया गया है। जहां सीसीटीवी कैमरे हैं, वहां बिक्री की कार्यवाही को रिकॉर्ड किया जाएगा। गर्मी की मूंग और उड़द की खरीदी बुधवार से शुरू होगी।दोनों फसलें मंडी में बेचने पर किसान को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मूंग में प्रति क्विंटल 800 रुपए मिलेंगे। उड़द की राशि अभी तय नहीं हो पाई है पर खरीदी शुरू हो जाएगी। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खरीदी में पारदर्शिता रखने के लिए बिक्री की कार्यवाही को रिकॉर्ड करने का निर्णय लिया गया है।
मूंग की औसत उत्पादकता प्रति हेक्टेयर 12 क्विंटल और उड़द की 14 क्विंटल तय की गई है। इस हिसाब से प्रोत्साहन राशि का भुगतान सीधे किसान के खाते में किया जाएगा। किसान को व्यापारी द्वारा दस हजार रुपए या कुल राशि का पचास प्रतिशत हिस्सा डिजिटल पेमेंट के माध्यम से देना होगा। किसान ने जिस जिले में फसल बेचने के लिए पंजीयन कराया है, उसके बाहर फसल बेचने पर प्रोत्साहन राशि नहीं दी जाएगी।मालूम हो कि गरमी के सीजन में बोई गई मूंग और उडद की फसल होशंगाबाद, सीहोर, रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, हरदा, विदिशा, गुना, देवास, इंदौर, धार, बालाघाट, कटनी, डिंडौरी, सिवनी और दमोह जिलों में ज्यादा बोई जाती है। इसी के मददेनजर फसल खरीदी में फर्जीवाडा रोकने राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है।
फसल खरीदी में फर्जीवाड़ा रोकने MP में फसल के साथ खींची जाएगी किसानों की फोटो
