देहरादून/लखनऊ/कोटा/भोपाल/चंडीगढ़/नईदिल्ली,आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून के फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (एफआरआई) में करीब 55 हजार लोगों के बीच योग किया। इससे पहले योग कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ये हम सभी भारतियों के लिए गौरव की बात है कि आज जहां सूर्य की किरणें पहुंच रही हैं, वहां लोग सूर्य से योग का स्वागत कर रहे हैं। दुनिया के कोने-कोने तक आज योग ही योग है।
पीएम मोदी ने कार्यक्रम की शुरुआत में कहा कि मैं देवभूमि उत्तराखंड सहित देश के सभी लोगों को योग दिवस की शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड कई दशकों से योग का मुख्य केंद्र रहा है। यहां के पर्वत-वायु भी योग के लिए प्रेरित करते हैं। पीएम मोदी ने आगे कहा कि हिमालय से रेगिस्तान तक योग लोगों के जीवन को समृद्ध कर रहा है। देहरादून से डबलिन तक और जकार्ता से लेकर जोहानिसबर्ग तक योग ही योग है। उन्होंने कहा कि विश्व का हर नागरिक योग को अपना मानने लगा है। योग से परिवार, समाज और राष्ट्र में शांति का माहौल बनता है। योग बिखराव के बीच जोड़ने का काम करता है। पीएम मोदी ने कहा कि योगा एक ऐसा प्रस्ताव था, जिसे संयुक्त राष्ट्र ने सबसे कम समय में मंजूरी दी। योग व्यक्ति-परिवार-समाज-देश-विश्व और सम्पूर्ण मानवता को जोड़ता है। योग आज दुनिया की सबसे पावरफुल यूनिफाइंग फोर्सेज़ में से एक बन गया है।
21 जून को दुनियाभर में चौथा योग दिवस मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में 27 सितंबर 2014 को दुनियाभर में योग दिवस मनाने का आह्वान किया था। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की घोषणा भारत के लिए एक महान क्षण था क्योंकि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने प्रस्ताव आने के मात्र तीन माह के भीतर इसके आयोजन का ऐलान कर दिया। महासभा ने 11 दिसंबर 2014 को यह ऐलान किया कि 21 जून का दिन दुनिया में योग दिवस के रूप में मनाया जाएगा। अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन का दुनिया के लगभग सभी देशों ने समर्थन किया और दुनिया के 170 से ज्यादा देशों के लोग 21 जून को विश्व योग दिवस के रूप में मनाते हैं और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लेते हैं। पूरे विश्व में इस दिन योग के फायदों के बारे में जागरुकता बढ़ाने के लिये योग प्रशिक्षण शिविर, योग प्रतियोगिता और सामूहिक योगाभ्यास किया जाता है। चूंकि यह दिन दुनियाभर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर मनाया जाता है इसलिए वह खुद इस आयोजन में बढ़ चढ़कर हिस्सेदारी निभाते हैं और उन्हीं की अगुवाई में इस दिन के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। चौथे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड के देहरादून में हजारों लोगों के साथ योग आसन किए। प्रधानमंत्री देहरादून में योग से जुड़े कार्यक्रम में शामिल हुए।
कोटा में रामदेव ने दो लाख लोगों के साथ योग कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड:-
राजस्थान के कोटा में योग गुरु बाबा रामदेव के साथ आरएसी मैदान में डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों ने योग कर विश्व रिकॉर्ड बनाया। इसी के साथ कोटा के लोगों ने पिछले साल मैसूर में सबसे ज्यादा लोगों के साथ योग करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। कोटा में रामदेव की अगुवाई में और भी कई विश्व रिकॉर्ड बने। रामदेव, बालकृष्ण औऱ वसुंधरा राजे के सामने संदीप नाम के युवक ने 10 हजार बार सूर्य नमस्कार कर विश्व रिकॉर्ड बनाया। बता दें कि मैसूर में पिछले साल एक जगह 56 हजार 500 लोगों ने योग कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। इस मौके पर लंदन से आई लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड की टीम मौजूद रही। योग कार्यक्रम में भारी तादाद में कोटा के कोचिंग संस्थानों के अलावा राज्य के अलग-अलग शहरों से आए लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान बाबा रामदेव ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को चुनाव में जीत के लिए शुभकामनाएं भी दीं। इससे पहले योग कार्यक्रम में पहुंची वसुंधरा राजे का सम्मान किया गया। पतंजलि ग्रुप के सीईओ बालकृष्ण और रामदेव ने वसुंधरा को तलवार और शॉल भेंट की। राजस्थान के कोटा में योग दिवस के मौके पर राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा बाबा रामदेव जैसे लोगों की वजह से आज करोड़ों लोगों की दिनचर्या में योग शामिल हो गया है, वरना योग गुफाओं और ऋषि मुनियों तक ही सीमित था। वसुंधरा ने योग के प्रचार प्रसार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी जमकर तारीफ की।
टी-शर्ट पहनकर सीएम योगी ने किया योग, राजनाथ भी रहे मौजूद:-
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज सुबह से ही देश भर में कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गृहमंत्री राजनाथ सिंह, उपराज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने योग किया। इसमें सबसे खास था योगी आदित्यनाथ का लुक। आम तौर पर भगवा कुर्ता पहनने वाले योगी आदित्यनाथ टी-शर्ट पहने नजर आए। टी-शर्ट का रंग भी सबसे अलग भगवा था। उनके साथ योग कर रहे राजनाथ सिंह, राम नाईक और दिनेश शर्मा ने सफेद रंग की योग दिवस लिखा हुआ टी-शर्ट पहन रखी थी। योगी आदित्यनाथ के योग कार्यक्रम में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के लगभग 2000 जवानों ने भी हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कर कहा कि भारतीय संस्कृति की ध्वज पताका को समूचे विश्व में फहराने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विश्व निरामय और विश्व कल्याण की कामना करता हूं। आप सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग को अगर आप जीवन का हिस्सा बनाएंगे तो बहुत सारी बीमारियों से न केवल मुक्ति मिलेगी बल्कि बीमारियों के उपचार में खर्च से भी आपको मुक्ति मिलेगी। जीवन में संतुलन ही योग है।
हवा में वायुसेना के जांबाजों ने किया योग:-
भारतीय वायुसेना के जाबांजों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से एक दिन पहले योग का शानदार प्रदर्शन करते हुए करीब 15,000 फीट की ऊंचाई पर आसमान में आसन किए। भारतीय वायुसेना ने एक ट्वीट कर कहा, योग दिवस 2018 पर 15000 फीट की ऊंचाई पर योग भारतीय वायुसेना के जाबांजों की ओर से अच्छी सेहत, खुशहाली, सौहार्द्र और शांति का अनोखा संदेश। भारतीय वायुसेना के पैरासूट्र्स ट्रेनिंग स्कूल के प्रशिक्षकों ने नीले आकाश में योग किया। जाबांजों ने चौथे इंटरनेशनल योग दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को वायु नमस्कार और वायु पद्मासन जैसे आसन किए। आज योग दिवस के मौके पर दुनियाभर में योग किया जा रहा है। लद्दाख में आईटीबीपी के जवानों ने समुद्र तल से 19 हजार फीट की ऊंचाई पर योग किया।
चड़ीगढ़ में स्मृति ईरानी ने किया योग:-
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भारत सहित विश्वभर में बड़े धूमधाम से मनाया गया। चंडीगढ़ में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर ऐसा आय़ोजन किया। मंत्रियों, सांसदों और नेताओं सहित कई लोगों ने इसमे बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चंडीगढ़ के सरकारी कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मंच से नीचे आकर जमीन पर लगे मैट पर योग करती दिखी। हालांकि चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर मंच पर मौजूद थीं और लगातार अपने मोबाइल फोन में व्यस्त दिखीं। चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में आयोजित योग कार्यक्रम में लोगों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। योग दिवस को लेकर चंडीगढ़ से स्थानीय लोगों में योग को लेकर काफी उत्साह भी देखने को मिला। योग कार्यक्रम में सबसे पहले सेक्टर 17 में लगी बड़ी स्क्रीन में लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्पीच दिखाई गई और उसके बाद लोगों ने योगाभ्यास शुरु किया। चंडीगढ़ के विभिन्न सेक्टर्स के पार्कों में भी ऐसे आयोजन करवाए गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने योग को जन आंदोलन बनाया: शिवराज
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर राजधानी भोपाल में लोगों के साथ योग किया। इस दौरान लाल परेड ग्राउंड पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हजारों स्कूली बच्चों ने योग किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पीएम मोदी ने योग को जन आंदोलन बनाया। योग का बहुत पुराना इतिहास है। योग शरीर को मजबूत बनाने की वैज्ञानिक विधि है। हालांकि सीएम ने यह भी कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने का क्रेडिट बाबा रामदेव का है। मुख्यमंत्री ने बताया कि एक्सीडेंट से उबरने में योग ने मेरी काफी मदद की है। योग का ही चमत्कार है कि आज बिना रुके 18 घण्टे काम कर सकता हूं। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि एक दिन योग करने से कुछ नहीं होगा, रोज़ योग को अपने जीवन मे आत्मसात करें। शिवराज ने कहा कि पीएम मोदी ने योग को जन आंदोलन बनाया। मध्य प्रदेश में इसके अलावा राजभवन में भी योग पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसमें आयुष मंत्रालय लोगों को योग से जोड़ने के लिए कई कार्यक्रम कर रहा है। मध्य प्रदेश के मंत्री भी अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों के साथ योग कर रहे हैं।