राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलक साइखोम मीराबाई चानू ने जीता भारत के लिए स्वर्ण

गोल्ड कोस्ट, भारोत्तोलक साइखोम मीराबाई चानू ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के पहले ही दिन भारत की ओर से पहला स्वर्ण पदक जीता। चानू ने महिलाओं की 48 किलोग्राम भारवर्ग स्पर्धा में यह पदक जीता। इससे पहले भारत को भारोत्तोलन के ही पुरुष वर्ग में गुरुराजा ने रजत पदक दिलाया था। अब भारत के नाम एक स्वर्ण और एक रजत हो गया है।
चानू ने स्नैच में 86 जबकि क्लीन एंड जर्क में 110 स्कोर करते हुए कुल 196 स्कोर के साथ स्वर्ण अपने नाम किया। स्नैच और क्लीन एंड जर्क दोनों में चानू का यह अब तक का सबसे बेहतर प्रदर्शन है। चानू ने पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता था। इस स्पर्धा का रजत पदक मॉरिशस की मैरी हैनित्रा ने जीता।

एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतना लक्ष्य
मीराबाई चानू ने कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतना है। चानू ने कहा ,‘एशियाई खेलों में भारोत्तोलन में काफी कठिन प्रतिस्पर्धा है, क्योंकि वहां चीन और थाईलैंड होंगे। इसके बावजूद मुझे अच्छे प्रदर्शन का भरोसा है।’
स्वर्ण जीतने के बाद इस खिलाड़ी ने कहा,‘मुझे रिकॉर्ड तोड़ने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन जब मैं यहां आई तो सोचा था कि रिकॉर्ड बनाऊंगी। मैं शब्दों में नहीं बता सकती कि इस समय कैसा महसूस कर रही हूं।’ उसने कहा ,‘मैंने इसके लिए बहुत मेहनत की है। मैं बहुत खुश हूं। यह मेरा दूसरा राष्ट्रमंडल पदक है और बहुत अच्छा लग रहा है।’
इससे पहले उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 194 किलो ( स्नैच 85 और क्लीन एंड जर्क 109 ) था, जो उन्होंने कुछ ही महीने पहले विश्व चैंपियनशिप में बनाया था। चानू ने कहा ,‘मेरा अगला लक्ष्य एशियाई खेल है। मैं इससे भी बेहतर करना चाहती हूं। वहां काफी कठिन स्पर्धा होगी, इसलिए मुझे बहुत मेहनत करनी होगी। यहां प्रतिस्पर्धा नहीं थी, लेकिन मुझे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना था।’

प्रधानमंत्री ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रमंडल खेलों में देश की ओर से पहला स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों मीराबाई चानू और पी गुरूराजा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियों पर देश को गर्व है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया- चानू गोल्डकोस्ट 2018 में भारत का पहला स्वर्ण पदक और राष्ट्रमंडल खेलों में तीन रिकार्ड कायम करने पर बधाईयां। भारत उनकी उपलब्धियों पर उत्साहित है।
मोदी ने एक अन्य ट्वीट में गुरूराजा को भारत के लिए पहला पदक (रजत पदक) जीतने पर भी बधाई दी। चानू (48 किग्रा) ने महिला वर्ग में राष्ट्रमंडल खेलों का स्नैच, क्लीन एवं जर्क और ओवरऑल रिकार्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक, जबकि गुरूराजा (56 किग्रा) ने पुरूषों के वर्ग में रजत पदक जीता है।
वहीं भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने भी मीराबाई चानू (48 किग्रा) और पी गुरूराजा (56 किग्रा) को पदक जीतने पर बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *