नितिन पटेल की सभा का पाटीदारों ने किया विरोध, उछाली कुर्सियां

पाटण, जिले के चाणस्मा पहुंची भाजपा की गौरव यात्रा का पाटीदारों ने जमकर विरोध किया| गौरव यात्रा का नेतृत्व कर रहे उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल की सभा में पाटीदारों ने कुर्सिया उछाल कर कड़ा विरोध जताया| गुजरात में भाजपा से पाटीदार समुदाय की नाराजगी कम होने का नाम नहीं ले रही है| भाजपा के पटेल नेता और गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल के नेतृत्व में राज्य गौरव यात्रा चल रही है, जिसका आगाज भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सरदार पटेल की जन्मभूमि से किया था| इसके बावजूद पाटीदार का गुस्सा भाजपा के प्रति कम नहीं हो रहा है| नितिन पटेल के नेतृत्व में चल रही गौरव यात्रा जब पाटण जिले चाणस्मा पहुंची तो पाटीदारों ने जमकर विरोध किया| मंगलवार को नितिन पटेल के नेतृत्व वाली गौरव यात्रा का 10वां दिन था| गुजरात के पाटन में गौरव यात्रा का भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा स्वागत कार्यक्रम रखा गया था| नितिन पटेल इस कार्यक्रम में 3 घंटे देर से पहुंचे| नितिन पटेल को यात्रा के दौरान चाणस्मा में पाटीदारों के विरोध का सामना करना पड़ा| गुजरात पुलिस और पाटीदार समुदाय के बीच झड़प भी हुई| इसके अलावा जब नितिन पटेल जनसभा को संबोधित करने के लिए मंच पर आए तो पाटीदारों ने कुर्सियां फेंकीं और जमकर विरोध किया|
गौरतलब है 1 अक्टूबर को नितिन पटेल के नेतृत्व में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सरदार पटेल की जन्मभूमि से गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाई| लेकिन भाजपा अपने मंसूबे में अभी तक सफल होती नजर नहीं आ रही है क्योंकि नितिन पटेल को जगह-जगह पटेल समुदाय की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है| विजय रुपानी के नेतृत्व वाली गुजरात की भाजपा सरकार ने पटेल समुदाय के आरक्षण के लिए आयोग को मंजूरी दी है| इसके अलावा जिन पटेल समुदाय के लोगों पर आंदोलन की वजह से केस दर्ज हुआ था, उसे भी सरकार वापस लेने पर विचार कर रही है| भाजपा सरकार ने पाटीदार समुदाय के प्रतिनिधियों से बातचीत की और पाटीदारों को खुश करने के लिए कई कदमों का ऐलान किया है| इसके बावजूद भाजपा को पाटीदार समुदाय का विरोध झेलना पड़ रहा है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *