नई दिल्ली, डोकलाम विवाद में भारतीय पक्ष की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैबिनेट मीटिंग के दौरान अपने मंत्रियों को सलाह दी है कि इस मुद्दे पर विदेश मंत्रालय का ही बयान आना चाहिए। खबर में मुताबिक मोदी ने कहा है कि डोकलाम विवाद एक संवेदनशील मुद्दा है इसलिए इस पर विदेश मंत्रालय के अलावा मंत्रियों को कुछ कहने से बचना चाहिए। मोदी ने कहा कि जो भी प्रचार किया जाना है, जो भी बयान दिया जाना है वो विदेश मंत्रालय द्वारा दिया जाएगा। मोदी ने ये निर्देश अगले महीने होने वाली चीन यात्रा के मद्देनजर दिए हैं। गौरतलब है कि मोदी अगले महीने ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने चीन जाएंगे। मोदी 3 सितंबर से 5 सितंबर तक ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। ब्रिक्स में ब्राजील, रूस, साऊथ अफ्रीका, चीन और भारत शामिल है। चीन की यात्रा पूरी करने के बाद मोदी 5 से 7 सितंबर तक म्यामां की राजकीय यात्रा पर जाएंगे। वे म्यामां के राष्ट्रपति यू थिन क्वा के निमंत्रण पर म्यामां जा रहे हैं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली द्विपक्षीय म्यामां यात्रा होगी।
डोकलाम मुददे पर विदेश मंत्रालय का ही बयान आना चाहिए: मोदी