भोपाल, प्रदेश में कर्ज से परेशान एक और किसान ने आत्महत्या कर ली है। शुक्रवार को जहां दो किसानों ने आत्महत्या कर ली। पिछले एक सप्ताह में करीब दस किसान अपनी जान दे चुके हैं। वहीं दूसरी ओर धार में आज से भारत कृषक समाज के किसान जेल भरो आंदोलन शुरू करेंगे। मध्य प्रदेश के धार में 40 वर्षीय किसान जगदीश मोरी ने आत्महत्या कर ली। मोरी ने कर्ज से परेशान हो कर जहर खा लिया। बताया जा रहा है कि रामपुरा गांव के रहने वाले जगदीश पर बैक कर्ज था। कितना कर्ज था, यह जानकारी नहीं मिल पाई है। थाना प्रभारी कुक्षी सीबी सिंह ने बताया कि जगदीश को कुक्षी हॉस्पिटल में मृत अवस्था में लाया गया था। यहां पर पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।इससे पहले होशंगाबाद के नजदीक रंढाल गांव में शुक्रवार तड़के 3 बजे किसान बाबूलाल पिता बालकृष्ण (40) ने केरोसिन उड़ेलकर आग लगा ली। परिजन को उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर आए। जहां उसकी हालत को देखते हुए डाक्टरों ने भोपाल रेफर कर दिया। डाक्टरों के मुताबिक बाबूलाल 64 फीसदी तक जला है। हमीदिया अस्पताल के बर्न वार्ड के आईसीयू में भर्ती बाबूलाल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एक और किसान की आत्महत्या,सप्ताह भर में दस किसानों ने की आत्महत्या
