उत्तर प्रदेश और महाराष्ट ने कर्ज माफ किए,तो मप्र में क्यों नहीं…? मुकदमे की भी तैयारी

भोपाल,पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि कर्ज के बोझ से दबा किसान प्रदेश में आत्म हत्या कर रहा है और राज्य सरकार उनके कर्ज माफ नहीं कर रही है। जबकि उत्तरप्रदेश और महाराष्ट की सरकार ने किसानों के कर्ज माफ कर दिए हैं।
सिंधिया प्रदेश में आंदोलनरत कृषकों के समर्थन में भोपाल के टीटी नगर दशहरा मैदान में 72 घंटे के सत्याग्रह पर बैठे हैं,जहां वह पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश और महाराष्ट इन पड़ोसी राज्यों में भाजपा की ही सरकार है। जब यह राज्य किसानों के कर्ज माफ कर सकते हैं तो प्रदेश में भी भाजपा की ही सरकार है, किसानों के कर्ज माफ क्यों नहीं हो सकते।
इधर,कांग्रेस के राष्टीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा है कि मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में किसानों पर हुए गोलीचालन के मामले को न्यायालय में ले जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस द्वारा टीटीनगर दशहरा मैदान में आयोजित सत्याग्रह स्थल पर पत्रकारों से बातचीत में दिग्विजय सिंह ने कहा कि किसानों पर गोली किस के कहने पर चलाई गई अब तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है। उन्होंने कहा गोली लगने से किसान मारे गए और सरकार अब तक यह तय नहीं कर पाई है कि किस के कहने पर यह गोलीचालन हुआ था। उन्होंने कहा पुलिस की गोली से मारे गए किसानों की लड़ाई अदालत में लड़ी जाएगी। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा है कि किसानों के कर्ज मापफ हों और को उनकी उपज का मूल्य डेढ़गुना अधिक मिले। प्रदेश कांग्रेस द्वारा भोपाल के टीटी नगर दशहरा मैदान में आयोजित सत्याग्रह में शामिल होने यहां आए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि केन्द्र और राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी अपने चुनाव घोषणा पत्र में किए गए वादे से मुकर गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों को उनकी उपज का डेढ़ गुना मूल्य दिलाए जाने और कर्ज माफी का वादा किया था, लेकिन अपने इस वादे को वह पूरा नहीं कर रही।
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा हमारी मांग हैं कि भाजपा अपने वादे को पूरा करे और किसान आंदोलन को लेकर जिन लोगों पर आईपीसी की धारा 307 के मुकदमे दर्ज किए गए हैं वह मुकदमे वापस लिए जाएं।
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह ने प्रदेश की राजनीति से दूर रहने के अपने संकल्प को एक बार पुनः दोहराया है।
प्रदेश के किसानों की मांगों के समर्थन में भोपाल के टीटी नगर दशहरा मैदान में सत्याग्रह पर बैठे पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की उपस्थिति में दिग्विजयसिंह ने कहा कि लोग कहते हैं कि 2003 के विधान सभा चुनाव में कांग्रेस की हार मेरे कारण हुई।
मैं स्वयं भी मानता हूं कि उस हार के लिए मैं जिम्मेदार था, इसी लिए अपने आपको प्रदेश की राजनीति से अलग कर लिया था।
उन्होंने कहा कि अभी भी मैं मानता हूं कि मेरे प्रदेश में सक्रिय रहने पर लोग मानेंगे कि कांग्रेस को मेरे ही कारण हार का सामना करना पड़ेगा, इस कारण मैं दूर ही रहूंगा, लेकिन मुझे जहां बुलाया जाएगा मैं पार्टी के साथ खड़ा रहूंगा। लगातार प्रदेश के दस साल मुख्यमंत्री रहे दिग्विजय सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा कि मेरा बोलना भी लोगों को पसन्द नहीं है, पर आवश्यक होने पर मुझे बोलना तो पड़ेगा ही और मैं बोलूंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *