सीहोर/शाजापुर/ मंदसौर/भोपाल,किसान आंदोलन के नौवें दिन सीहोर ,शाजापुर मैं आंदोलनकारी जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे हैं। वही मंदसौर में विगत दिवस गोलीबारी में घायल किसान घनश्याम धाकड़ की मौत हो जाने के बाद तनाव फैल गया है। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच लगातार हो रही झड़प से स्थिति अनियंत्रित होती जा रही है। सीहोर में प्रदर्शनकारियों द्वारा फंदा टोल नाके पर बड़ी संख्या में एकत्रित होकर चक्का जाम करने के बाद पुलिस द्वारा जब उन्हें खदेड़ा गया ,तो उन्होंने पुलिस पर पथराव किया। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े,हवाई फायर किए और लाठीचार्ज भी किया। इसके बाद भी आंदोलनकारी भड़के हुए हैं। स्थिति नियंत्रण में नहीं आ पा रही है।
आंदोलनकारियों ने बैटरी से भरे एक ट्रक में आग लगा दी है।पुलिस ने आंदोलनकारियों से निपटने के लिए गिरफ्तारी शुरू कर दी है ।इस आंदोलन में कांग्रेस नेता भी शामिल बताए जा रहे हैं ।पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को भी गिरफ्तार किया है। जगह जगह प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पथराव हो रहा है।सीहोर शाजापुर में कई जगह आगजनी की घटनाएं सामने आई है। पुलिस प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है ।किंतु इसका असर देखने को नहीं मिल रहा है।आंदोलनकारियों ने बिलासपुर इंदौर ट्रेन को भी रोक दिया है ।भोपाल और इंदौर के बीच कई स्थानों पर चक्का जाम लगा हुआ है।
2 जून को पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन के अनिल यादव को गिरफ्तार किया था।पुलिस हिरासत में उनकी तबीयत बिगड़ जाने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया था। पुलिस ने आज दर्जनों आंदोलनकारियों को गिरफ्तार किया है।
मंदसौर, शाजापुर में हालत बिगड़े
विगत दिनों पुलिस की गोलीबारी में मंदसौर के घायल किसान घनश्याम धाकड़ की मौत हो गई है। यह कांग्रेस का भी कार्यकर्ता था।उसकी मृत्यु का समाचार मिलने के बाद उसके गृह गांव भावगढ़ और हाटपिपल्या में तनाव फैल गया है। मृतक किसान का शव लेने के लिए मंदसौर के अधिकारी इंदौर पहुंच चुके हैं। इंदौर के कांग्रेस नेता शव का पोस्टमार्टम और उसकी फोटोग्राफी के लिए अड़ गए हैं।जिसके कारण इंदौर में भी तनाव बन गया है।
शाजापुर में भिड़ंत
शाजापुर में भी किसान आंदोलन काफी उग्र है। प्रदर्शनकारियों ने कृषि उपज मंडी पर पथराव किया।प्याज के समर्थन मूल्य की खरीदी का विरोध किया।पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को खरीदने के लिए सख्ती की। जिसके कारण प्रदर्शनकारी भड़क गए।उन्होंने शाजापुर के एसडीएम पर हमला कर दिया।इस हमले में एसडीएम के पैर में फ्रैक्चर हो गया है । उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी बीच प्रदर्शनकारियों ने कई दोपहिया वाहनों में आग लगा दी। शाजापुर में अभी भी तनाव बना हुआ है।
सीहोर में हवाई फायर,घायल किसान की मौत से मंदसोर में तनाव
