गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को कोरोना संक्रमित पाए जाने पर अब एक सप्ताह अस्पताल में रखा जाएगा

अहमदाबाद, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अहमदाबाद के यूएन अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। मुख्यमंत्री की तबियत के बारे में उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने बताया कि फिलहाल उन्हें एक सप्ताह तक अस्पताल में ही रखा जाएगा। मुख्यमंत्री के कोरोना संक्रमित होने के बाद सभी मंत्रियों का टेस्ट किया जाएगा। पार्लामेन्ट्री बोर्ड के सभी सदस्यों, वडोदरा शहर संगठन के सभी पदाधिकारियों के साथ ही एक सप्ताह में मुख्यमंत्री से मुलाकात करनेवाले सभी लोगों का कोरोना टेस्ट किया जाएगा। नितिन पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री की तबियत में सुधार हो रहा है और एक सप्ताह तक उन्हें अस्पताल में रखा जा सकता है। मुख्यमंत्री को मधुमेह या उच्च रक्तचाप की कोई समस्या नहीं है। उनके इसीजी, ईको, सिटी स्कैन की रिपोर्ट नोर्मल आई है। लेकिन कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनका बतौर कोविड के मरीज उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री को 100 डिग्री के आसपास बुखार था और उसके लिए वह दवाई भी ले रहे थे। रविवार को चुनावी सभा को संबोधित करते वक्त उनके गिरने के बारे में डॉक्टरों का मानना है कि लगातार काम, थकान और पर्याप्त नींद नहीं मिलने की वजह से यह हो सकता है। उन्होंने बताया की मुख्यमंत्री के साथ अन्य किसी के संक्रमित होने के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। एक सप्ताह तक मुख्यमंत्री का यूएन मेहता अस्पताल में उपचार होगा और उसके बाद उन्हें डिस्चार्ज करने के बारे में डॉक्टर निर्णय करेंगे। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद मुख्यमंत्री अपने निवास पर कोरन्टाइन रहेंगे। एक सवाल के जवाब में नितिन पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री का चार्ज किसी को सौंपा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री मोबाइल एप के जरिए सभी लोगों के संपर्क में रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *