राजनाथ बोले सीएम योगी अपने समय के बेहतरीन मुख्यमंत्री, उनके नेतृत्व में यूपी आगे बढ़ा

लखनऊ, देश के रक्षा मंत्री तथा लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल और प्रदर्शन को ए-1 श्रेणी का बताया है। कार्य संपादन के मामले में देश के श्रेष्ठ मुख्यमंत्री का खिताब पा चुके योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली को राजनाथ सिंह ने बेजोड़ बताया है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ अपने समय के बेहतरीन मुख्यमंत्री हैं, उनके नेतृत्व में प्रदेश ने सभी क्षेत्रों में विकास किया है।
योगी आदित्यनाथ को अब तक के सभी मुख्यमंत्रियों से बेहतर मानने के सवाल पर राजनाथ सिंह ने कहा कि योगी एक बेहतरीन मुख्यमंत्री हैं, उनके अब तक के कार्यों का विश्लेषण करने पर आप पाएंगे कि उन्होंने सभी क्षेत्रोँ में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तुलना किसी और मुख्यमंत्री से नहीं करना चाहते, लेकिन इतना तय है कि वह मुझसे बहुत बेहतर मुख्यमंत्री साबित हुए हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि वह हर वर्ग के विकास के लिए समान रूप से काम कर रहे हैं। उनका जीवन जनता के लिए समर्पित है। सीएम योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का बहुत विकास हुआ है। उनकी खासियत है कि वह किसी भी समस्या को हल करने के लिए उसकी तह तक जाते हैं। यही वजह है कि उन्होंने चाहे राज्य के औद्योगिक विकास की बात हो या फिर अपराधों पर नियंत्रण की बात, सभी मोर्चों पर उन्होंने तत्परता से निर्णय लिए हैं। उनकी इसी कार्यशैली के लोग प्रशंसक हैं और प्रशंसकों की यह सूची लगातार लंबी हो रही है। राजनाथ सिंह ने कहा वह हर जगह स्वयं की उपस्थिति दर्ज कराने में माहिर हैं। देश के सबसे बड़े राज्य के मुख्यमंत्री होने के बाद भी वह अन्य राज्यों को भी बराबर सहयोग देते रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *