राजाभोज एयरपोर्ट के रनवे पर अचानक आग लगने पर रोकनी पड गई मुंबई फ्लाईट की लैंडिग

भोपाल,राजधानी के राजाभोज एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह रनवे के पास अचानक आग लगने से यहॉ अफरा-तफरी मच गई। हालांकि तुरंत ही एयर ट्रैफ‍िक कंट्रोल रूम द्वारा फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी की दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। अचानक लगी आग के कारण इंडिगो की मुंबई फ्लाइट की लैंडिंग कुछ समय के लिए रोक दी गई। विमान तकरीबन 20 मिनट तक आसमान में मंडराता रहा। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे रनवे के आसपास धुआं उठता नजर आने पर सुरक्षाकर्मियों ने इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल रूम को दी। कुछ समय में दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। जिस समय आग लगी, उस समय इंडिगो की मुंबई उड़ान भोपाल के एयर ट्रैफिक क्षेत्र में थी। यह उड़ान सुबह 11:00 बजे राजा भोज एयरपोर्ट पर लैंड होती है। आग के कारण लैंडिंग को कुछ समय के लिए टाल दिया गया। विमान एयरपोर्ट के आसपास चक्कर लगाता रहा। करीब 20 मिनट बाद विमान वापस राजा भोज एयरपोर्ट पर लैंड हुआ, तब तक आग बुझाई जा चुकी थी। बताया गया है कि एयरपोर्ट रनवे के आसपास उगी झाडि़यों के कारण पक्षी मंडराते रहते हैं। पक्षियों को रोकने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी हर साल झाडि़यों को कटवाता है, साथ ही पटाखे भी जलाए जाते हैं, ताकि पक्षी आसपास ना आएं। शुक्रवार को पटाखे जलाते समय झाडि़यों में आग लग गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *