खंडवा की मक्का मस्जिद में रुके 17 जमाती में से 4 जमाती पॉजिटिव पाए गए

खंडवा/देवास, खंडवा की मक्का मस्जिद में रुके हुए जमात के 17 में से 4 व्यक्ति पॉजिटिव मिले हैं। देवास जिले में भी तीन मरीजों में इसकी पुष्टि हुई, जिनमें से दो देवास शहर और एक हाटपिपलिया का है। धार से भी एक कोरोना संक्रमित मरीज सामने आया है। देर रात आई रिपोर्ट में छिंदवाड़ा में दो और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। मालवा-निमाड़ अंचल में भी कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। इस तरह से मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण मरीजों की 350 के ऊपर पहुंच गई है। उधर रायसेन में कोरोना पॉजिटिव मरीज के इलाके में लोगों की स्क्रीनिंग जाएगी। पॉजिटिव पाए गए युवक के मोहल्ले गवोई पुरा को चारों तरफ से देर रात सील किए जाने के बाद गुरुवार सुबह आसपास के लोगों की स्क्रीनिंग होगी। मरीज के पत्नी, बच्चों और बड़े भाई के परिवार सहित 13 सदस्यों को क्वारेंटाइन किया गया है। मोहल्ले में सेनिटाइजेशन किया जा रहा। पॉजिटिव केस सामने आने के बाद कलेक्टर ने आगामी आदेश तक शहर में कर्फ्यू घोषित कर दिया है। खंडवा जिले में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मरीजों की संख्या 5 हो गई है। इनमें से पहला मरीज 34 वर्ष का है, जिसे 3 दिन से बुखार था। उसका पिता सऊदी अरब से 12 मार्च को लौटा था। मरीज की हालत अभी स्थिर है। इसके माता-पिता के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। कलेक्टर तन्वी सुन्द्रियाल ने बताया कि इसके अलावा खंडवा की मक्का मस्जिद में रुके हुए जमात के 17 में से 4 व्यक्ति भी पॉजिटिव पाए गए हैं। शेष की रिपोर्ट नेगेटिव है। ये कर्नाटक के रहने वाले हैं। इन सभी प्रकरणों की जानकारी मिलते ही इनके निवास व आसपास के स्थल को कंटेनमेंट एरिया घोषित कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने गुरुवार सुबह से टीम बनाकर सर्वे शुरू कर दिया है। छिंदवाड़ा में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर चार हो चुकी है। इनमें से एक युवक की मौत हो चुकी है। तीन पोजिटिव को आइसोलेशन में रखा गया है। जिसमें मृतक के पिता, दीदी और जीजा शामिल है। मृतक इंदौर में वाणिज्य कर विभाग में पदस्थ था और छिंदवाड़ा का ही रहने वाला था। वो 19 मार्च को छिंदवाड़ा आया था। मृतक युवक के संपर्क में आने से ये तीनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए। यह सब लोग मृतक के संपर्क मे आए हुए थे। जैसे ही मृतक किशनलाल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी उसके पश्चात ही प्रशासन ने उसके संपर्क में आए सभी लोगों को कवारेंटाइन कर दिया था और सैंपल ले कर जबलपुर भेजा गया था। कुल 52 सैंपल जबलपुर लैब पहुंचाए गए थे। उसमे से आज 12 लोगों के रिपोर्ट प्राप्त हुई है जिसमे 10 लोग नेगेटिव एवं 2 लोग पॉजिटिव आये है। बाकी की रिपोर्ट आने अभी शेष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *